:: बोलीं- श्रद्धा से अंजुली भर सहयोग दें, आने वाली पीढ़ियों को देवी अहिल्या के कार्यों से मिलेगी प्रेरणा ::
इंदौर । पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक प्रतिष्ठान की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने अहिल्या स्मारक की पूर्णता के लिए शहर के उद्योगपतियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई की नगरी में रहते हुए सभी ने अपने क्षेत्र में मुकाम हासिल किया है। अब श्रद्धा से अंजुली भर सहयोग देकर स्मारक के निर्माण में सहभागी बनें।
अहिल्या स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में महाजन ने कहा कि यह देश का पहला ऐसा स्मारक होगा, जहां देवी अहिल्याबाई के व्यक्तित्व और कृतित्व का विस्तृत चित्रण किया जाएगा। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। कलात्मक और तकनीकी माध्यमों से उनके गौरवशाली कालखंड की जीवन अनुभूति कराने का प्रयास होगा। स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके कार्यों से प्रेरणा देने का माध्यम बनेगा।
उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने कहा कि इंदौर देवी अहिल्याबाई के आशीर्वाद से समृद्ध हुआ है, इसलिए उनके स्मारक के निर्माण में सभी को सहयोग करना चाहिए। सांसद शंकर लालवानी, विनय छजलानी, अनिल भंडारी, राजेश रामबाबू अग्रवाल और विष्णु बिंदल ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम में टीकम गर्ग, सुनील चौरडिया, गिरीश मतलानी, पवन सिंघानिया, प्रेम गोयल, प्रकाश अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल, राजेंद्र जैन, अनिल सतवानी, योगेश मेहता, दानवीरसिंह छाबड़ा और राजेंद्रसिंह वासु सहित उद्योगपति मौजूद रहे। स्मारक के विकास कार्यों पर पांच मिनट की लघु फिल्म दिखाई गई। संचालन सचिव अशोक डागा ने किया और आभार सुधीर देड़गे ने माना।

