चेन्नई । तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में प्रदर्शनकारी नर्सों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष के नेता और डीएमके यूथ विंग सचिव उदयनिधि स्टालिन ने राज्य सरकार पर हमलावार है। उन्होंने सरकार को डमी सीएम की सरकार बताकर नर्सों के खिलाफ हुई बर्बर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
स्टालिन ने पोस्ट कर कहा कि विजय सरकार ने नौकरी नियमित करने और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही नर्सों के खिलाफ अंधाधुंध हमला किया है। उन्होंने याद दिलाया कि सत्ता में आने से पहले इन्हीं शासकों ने नर्सों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन आज वहीं सबसे पहले उन पर पुलिस बर्बरता करा रहे हैं। उदयनिधि ने आरोप लगाया कि विजय सरकार ने नर्सों को तंग जगहों में बंद करके, बिजली काटकर और जान से मारने की धमकी देकर सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने अपशब्द कहने वाली टीमों द्वारा नर्सों के संघर्ष को नीचा दिखाने को भी अभद्रता की पराकाष्ठा बताया।
मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधकर स्टालिन ने कटाक्ष किया कि जो हाथ एक डमी उम्मीदवार के नकली आंसू पोंछने के लिए आगे बढ़ते हैं, वे जान बचाने वाली नर्सों के असली आंसू पोंछने से क्यों इंकार करते हैं। उन्होंने नर्सों और उनके छोटे बच्चों पर हुए हमले को मामा लाठीचार्ज योजना करार दिया। उदयनिधि स्टालिन ने विजय सरकार से तत्काल दमन रोकने, नर्सों को बातचीत के लिए बुलाने और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। गौरतलब है कि तमिलनाडु इंटरमीडिएट हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले हजारों नर्सें वेतन विसंगतियों को दूर करने, संविदा नर्सों को स्थायी करने और नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर लंबे समय से हड़ताल और प्रदर्शन कर रही हैं।

