कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए सहायता के निर्देश; 300 से अधिक आवेदन, समयबद्ध निराकरण पर जोर ::
इंदौर । कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को हुई साप्ताहिक जनसुनवाई में उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले दो परिवारों को कुल 40 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
राजेश सिंह ने पत्नी शालिनी सिंह बैस के पैरालिसिस अटैक के बाद चल रहे उपचार और परिवार की आर्थिक परेशानी की जानकारी दी। उपचार का खर्च वहन करने में कठिनाई की बात सामने आने पर कलेक्टर ने 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक अन्य प्रकरण में अंकित शर्मा ने पत्नी श्यामला शर्मा के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगी। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति और उपचार के खर्च की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने 10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा।
जनसुनवाई में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदनों का परीक्षण कर पात्र मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए और जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

