-सीनियर अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
भोपाल । मध्य प्रदेश में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की बड़ी तबादला सूची जारी की गई। इस सूची में कई अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। आदेश के तहत कई जिलों के कलेक्टरों को बदला गया है, वहीं कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में पन्ना, मऊगंज, नर्मदापुरम, जबलपुर, भिंड, रायसेन, सिंगरौली, बालाघाट, शाजापुर, बुरहानपुर और हरदा समेत कई जिलों में अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है।
इन जिलों में बदले गए कलेक्टर
जबलपुर: रायसेन के कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को जबलपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, जबलपुर के पूर्व कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त (मंडी) नियुक्त किया गया है।
नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के प्रबंध संचालक आशीष वशिष्ठ को नर्मदापुरम का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, निवर्तमान कलेक्टर सोमेश मिश्रा को एड्स नियंत्रण सोसाइटी और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का संचालक नियुक्त किया गया है।
सिंगरौली: सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव और कर्मचारी चयन मंडल के संचालक अंकित अस्थाना को सिंगरौली का नया कलेक्टर बनाया गया है। सिंगरौली के पूर्व कलेक्टर गौरव बैनल को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और कर्मचारी चयन मंडल का संचालक बनाया गया है।
रायसेन: किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में उप सचिव रोहित सिसोनिया को रायसेन जिले के कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बुरहानपुर और पन्ना: बुरहानपुर के कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, पन्ना की निवर्तमान कलेक्टर उषा परमार को मंत्रालय में उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव पदस्थ किया गया है। नवीन और नवकरणीय ऊर्जा विभाग में उप सचिव विवेक कुमार को बुरहानपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
शाजापुर और हरदा: इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े को शाजापुर का कलेक्टर बनाया गया है। शाजापुर की कलेक्टर ऋजु बाफना को उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त (राजस्व) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बालाघाट के कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
बालाघाट: बालाघाट जिले में आदित्य सिंह को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
भिंड और मऊगंज: वाणिज्यिक कर विभाग के पूर्व अपर सचिव राजेश कुमार ओगरे को मऊगंज का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, सहकारिता विभाग में उप सचिव रहे पवन कुमार जैन को भिंड जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
सीनियर अफसरों को मिले अतिरिक्त प्रभार
रश्मि अरुण शमी (अपर मुख्य सचिव): लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाली रश्मि अरुण शमी को खाद्य सुरक्षा आयुक्त, विशेष आयुक्त (समन्वय) और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सुखवीर सिंह: मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के दायित्व के साथ-साथ सुखवीर सिंह लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
के.सी. गुप्ता (कृषि उत्पादन आयुक्त): के.सी. गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
भरत यादव: मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव को जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
संकेत एस. भोंडवे: नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत एस. भोंडवे को आवासीय आयुक्त, मध्य प्रदेश भवन (नई दिल्ली) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में कलेक्टरों की नई पदस्थापना के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है।

