-विमान जर्मनी से दिल्ली आ रहा था, सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद यह अफवाह निकली
नई दिल्ली । जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान को हाईजैक किए जाने की सूचना के बाद जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद यह बात अफवाह निकली। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई2030 के बारे में अहमदाबाद और ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी को सुबह 9:05 बजे इमरजेंसी अलर्ट मिला था इसके बाद विमान को जयपुर डायवर्ट कर वहां इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान ने मंगलवार रात 10:45 पर उड़ान भरी थी।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट प्रोटोकॉल के साथ ही जयपुर पुलिस का बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और कई अन्य टीम भी एयरपोर्ट पहुंच गईं। राजस्थान पुलिस के एडीजी समेत कई पुलिस अधिकारी भी एयरपोर्ट पहुंचे। शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए एक सूत्र ने बताया कि जब विमान मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन में था, तब पायलट ने स्क्वॉक कोड 7500 दबाया, जो गैर-कानूनी दखल/हाईजैकिंग का संकेत देता है।
मालवीय नगर के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के बारे में जानकारी दी थी, जो बम की धमकी के बाद की गई थी। सूत्र ने बताया कि इसके बाद विमान को जयपुर की ओर मोड़ दिया गया। विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत पता नहीं चल सका। एयर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान अभी जारी नहीं किया गया है।

