-कांग्रेस सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर भड़के इमरान मसूद
नई दिल्ली । जामिया यूनिवर्सिटी में बिना इजाजत दाखिल होने के आरोप में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और इमरान प्रतापगढ़ी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिस पर इमरान मसूद भड़क गए। काग्रेस सांसद मसूद ने उनके खिलाफ हुई एफआईआर पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या ये यूनिवर्सिटी उसके बाप की है, वो जिसके पैर दबा रहा है उसने बनाई थी यूनिवर्सिटी? पैर दबा-दबाकर जिसके पास पढ़ाने का अनुभव तक नहीं उसे रजिस्ट्रार बनाकर बिठा दिया उसके ख़िलाफ़ जांच होनी चाहिए, उसके खिलाफ एफआईआर पेंडिंग हैं उसपर कार्रवाई होनी चाहिए।
इमरान मसूद ने यूनिवर्सिटी में फ्री कश्मीर के नारे लिखे जाने पर भी सवाल उठाए और रजिस्ट्रार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे बच्चे भूखे मर रहे हैं वीसी आंखें बंद करके बैठ गया है। नारे लिखे जा रहे हैं किसने लिखवाए फ्री कश्मीर के नारे, कौन हैं लिखने वाले। मैं जब खड़े होकर इसका विरोध कर रहा था तब सारे छात्र हमारा समर्थन कर रहे थे तो फिर नारे कौन लिखवा रहा है? सीसीटीवी कैमरे किसने हटवा दिए। उन्होंने कहा कि इस सारे फ़साद की जड़ ये प्रॉक्टर है। इसने सारा फ़साद किया है। ये पूरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी बर्बाद करने पर अमादा है। ये छात्रसंघ की बहाली क्यों नहीं चाहते? क्योंकि इनकी लूट खुल जाएगी। ये सोच रहे हैं कि हम एफआईआर से डर जाएंगे। इनके बाप की यूनिवर्सिटी नही हैं, किस बात की ट्रेस पासिंग, सार्वजनिक चीज़ है और मेरे बच्चे अंदर हैं। आपने बच्चों को जेल बना दिया।
बता दें कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और इमरान प्रतापगढ़ी पर बिना अनुमति के अनाधिकृत तरीके से यूनिवर्सिटी परिसर में घुसने और छात्र आंदोलन के दौरान अशांति भड़काने की कोशिश करने का आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जामिया नगर थाने में पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कर ली है।

