मुंबई । साइबर ठगों ने अब आम नागरिकों के साथ-साथ चर्चित हस्तियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के पोते और अभिनेता ऐश्वर्य ठाकरे के बैंक खाते से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। उनके खाते से बिना अनुमति छह बार पैसे निकाले गए। इन सभी लेनदेन के जरिए कुल 19 हजार 15 रुपये निकाल लिए गए। इस घटना के बाद साइबर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात ऐश्वर्य ठाकरे को अपने बैंक खाते से पैसे निकाले जाने का पता चला। शुरुआत में उन्हें लगा कि खाते से केवल एक बार रकम निकाली गई है। लेकिन जब उन्होंने बैंक खाते का विवरण जांचा तो उन्हें एक के बाद एक कई संदिग्ध लेनदेन दिखाई दिए। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से कुल छह बार पैसे निकाले गए हैं। इन सभी लेनदेन की कुल रकम 19,015 रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही ऐश्वर्य ठाकरे ने मुंबई के ओशिवरा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि खाते से किए गए सभी छह लेनदेन विदेश से हुए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि साइबर अपराधियों ने बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी कैसे हासिल की और रकम निकालने के लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया।

