:: मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित सांसद और विधायकों ने गांवों में पहुंचकर सौंपे प्रमाण-पत्र, अब संपत्ति के आधार पर ऋण लेने और क्रय-विक्रय का मिलेगा अधिकार ::
इंदौर । धनतेरस पर स्वामित्व योजना के तहत इंदौर जिले के ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि की नि:शुल्क रजिस्ट्री के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के केलोद हाला, पानोड़ और बड़ोदिया एमा सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र सौंपे। सांसदों और विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को रजिस्ट्रियां वितरित कीं।
मंत्री सिलावट ने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से उन परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिल रहा है, जो पीढ़ियों से गांवों में निवास कर रहे थे, लेकिन उनके पास मकान या आबादी भूमि के स्वामित्व का पुख्ता दस्तावेज नहीं था। अब रजिस्ट्री मिलने से ग्रामीण अपनी संपत्ति का नियमानुसार क्रय-विक्रय कर सकेंगे और बैंक से ऋण लेने के लिए भी इसका उपयोग कर सकेंगे। यह पहल ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में योजना के तहत करीब 95 हजार 86 रजिस्ट्रियां वितरित करने का लक्ष्य है। इससे लगभग 1 लाख 24 हजार हितग्राही लाभान्वित होंगे। जिले में अब तक 32 हजार 551 रजिस्ट्रियां तैयार हो चुकी हैं। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में भी करीब 51 हजार हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। मंत्री ने बताया कि हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
:: इन गांवों में भी हुआ रजिस्ट्री वितरण ::
सांसद शंकर लालवानी ने बिचौली हप्सी और बड़िया कीमा, सांसद कविता पाटीदार ने उंडवा, विधायक उषा ठाकुर ने मालीपुरा, विधायक मधु वर्मा ने नैनोद और विधायक मनोज पटेल ने हातोद तहसील के हिंगोनियाखुर्द में ग्रामीणों को रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए। कलेक्टर शिवम वर्मा ग्राम शेरपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने ग्राम पानोड़ में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संत रविदास भवन का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विश्वजीत कान्हा पटेल, विपिन जागीरदार, रवि वाजपेयी, कमल पटेल और रामेश्वर चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

