वांगचुक घर में नजरबंद, बाहर तैनात हैं 25 से ज्यादा जवान

ताज़ा खबर देश-विदेश

-लेह आने-जाने पर 60 दिन की रोक का आरोप, 4 दिसंबर को होने वाले लद्दाख परिषद चुनाव का कर रहे विरोध
लेह । जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दावा किया है, कि उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है और उनके आवास के बाहर 25 से अधिक पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। दरअसल वांगचुक ने गुरुवार रात एक वीडियो जारी कर कहा कि पुलिस उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दे रही है।
वांगचुक और लद्दाख के कई संगठन 4 दिसंबर को होने वाले लद्दाख ऑटोनॉमस हिल डेवलपमेंट काउंसिल चुनाव का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सर्दियों में चुनाव कराने से बड़ी संख्या में लोग मतदान से वंचित रह सकते हैं। पुलिस ने एक दिन पहले ही वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाया था और बाद में उन्हें उनके घर ले गई थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक आदेश के तहत वांगचुक के लेह आने-जाने पर 60 दिनों तक रोक लगाई गई है। वांगचुक ने कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के खिलाफ वह मजिस्ट्रेट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे। हालांकि, लद्दाख पुलिस ने उनके हाउस अरेस्ट किए जाने से इनकार करते हुए इसे चुनाव के दौरान लागू निषेधाज्ञा का पालन बताया है।
सर्दियों में चुनाव पर आपत्ति
वांगचुक और प्रदर्शनकारी संगठनों की प्रमुख मांग चुनाव को अप्रैल-मई 2027 तक टालने की है। उनका तर्क है कि दिसंबर में लद्दाख में तापमान शून्य से 15 से 25 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है। सर्दियों के दौरान लद्दाख की बड़ी आबादी लेह से बाहर जम्मू और दिल्ली जैसे शहरों में चली जाती है। ऐसे में दिसंबर में मतदान कराने पर बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
परिसीमन पर भी उठाए सवाल
इसके अलावा नए 100 निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सीटों का बंटवारा पर्याप्त चर्चा के बिना जल्दबाजी में किया गया। लेह में लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन और गोंपा एसोसिएशन ने भी चुनाव के बहिष्कार का समर्थन किया है।
पिछली घटना की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
वांगचुक ने पिछले साल 24 सितंबर की घटना की जांच के लिए गठित आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि लद्दाख में प्रदर्शन जारी रहेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
आठ परिषदों का होना है गठन
तय कार्यक्रम के अनुसार 4 दिसंबर को होने वाले परिषद चुनाव में पहली बार लद्दाख के आठ जिलों में आठ अलग-अलग परिषदों का गठन होगा। इससे पहले केवल लेह और कारगिल में परिषदें थीं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 8 दिसंबर को की जाएगी। परिषदें सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और भूमि से जुड़े स्थानीय विकास कार्यों का प्रबंधन करती हैं।