न्यूड फोटो के बदले वायु सेना के अधिकारी ने दे दी गुप्त जानकारी

देश-विदेश

5 माह पहले गिरफ्तार हुए विंग कमांडर से हो रहे खुलासे
नई दिल्ली । भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक विंग कमांडर ने देश के साथ गद्दारी करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को वायुसेना की बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारी लीक कर दी। पुलिस ने दिल्ली की एक अदालत में इस मामले में चार्जशीट दायर की है, जिसमें चौंकाने वाले आरोप लगाए गए हैं। चार्जशीट के अनुसार, विंग कमांडर ने न्यूड तस्वीरों के बदले में यह जानकारी पाकिस्तानी एजेंट को साझा की। इस विंग कमांडर को लगभग पांच महीने पहले गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने अपनी चार्जशीट में खुलासा किया है कि इस अधिकारी ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के साथ युद्ध-योजना के दस्तावेज, ड्रोन की क्षमताएं, सैन्य तैनाती की संवेदनशील जगहें, फ्रंटलाइन लड़ाकू विमानों की आवाजाही और महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों के कोऑर्डिनेट्स जैसी अति गोपनीय सूचनाएं साझा कीं। पुलिस ने अदालत को आगाह किया कि इस तरह की जानकारी लीक होने से भारतीय सेना के साथ-साथ पूरे देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था। इससे हमारी ऑपरेशनल कमजोरियां उजागर होतीं और राष्ट्रीय सुरक्षा गंभीर रूप से खतरे में पड़ जाती। चार्जशीट के विवरण के अनुसार, विंग कमांडर ने एक गुप्त ड्रोन यूनिट की ताकत, उसके ढांचे, ऑपरेशनल क्षमताओं, युद्ध के समय तैनाती के लिए तय की गई जगहों और लड़ाकू विमानों की आवाजाही से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी दुश्मन तक पहुंचाई।
जांच में सामने आया है कि विंग कमांडर इस साल 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच व्हाट्सऐप के जरिए उस संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के लगातार संपर्क में था। पुलिस का दावा है कि अधिकारी ने अपने दफ्तर में स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उसे रोका गया और उसकी जांच की गई। चार्जशीट के अनुसार, अधिकारी ने एक न्यूड तस्वीर मिलने के बाद एक गुप्त युद्ध-योजना का एक पन्ना अपलोड कर दिया था और उसने यह भी वादा किया था कि हर एक न्यूड तस्वीर के बदले वह युद्ध-योजना का एक नया पन्ना देगा। यह भी सामने आया है कि पाकिस्तानी एजेंट ने कुछ मैलवेयर एप्लिकेशन भेजे थे, जिनके जरिए अधिकारी के डिवाइस में मौजूद संवेदनशील जानकारी और यहां तक कि उसके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बातचीत को भी गुप्त रूप से सुना और देखा जा सकता था।
चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि विंग कमांडर ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और सूरतगढ़ की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में हुए महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास से जुड़ी जानकारी भी लीक की थी। इस अधिकारी और संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के बीच हुई बातचीत का पूरा विवरण व्हाट्सऐप पीएमपी डेटा के विश्लेषण से सामने आया है। इस विश्लेषण से पता चलता है कि दोनों के बीच कुल 3,008 टेक्स्ट मैसेज, 65 तस्वीरें, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 यूआरएल का आदान-प्रदान हुआ था, जो इस देशद्रोही कृत्य के ठोस सबूत पेश करते हैं।