फुटपाथ, नालियों और सड़कों से हटाए अवैध कब्जे, कई क्षेत्रों में शेड, जालियां और अस्थायी निर्माण भी हटाए
भोपाल । शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में अवैध कब्जे हटाए और 8 ठेले जब्त किए। इस दौरान फुटपाथ, नालियों और सड़कों पर रखी सामग्री के साथ अवैध शेड, छप्पर और अन्य अस्थायी निर्माण भी हटाए गए।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 6 नंबर स्टॉप से नूतन कॉलेज तक बिजली के खंभों पर लगे करीब 50 कटआउट हटाए गए। वहीं 5 नंबर मस्जिद के पास फुटपाथ पर रखा फर्नीचर और जहांगीराबाद मुर्गी बाजार में दुकानों के सामने लगी लोहे की जालियां हटाई गईं। बरखेड़ी में नालियों पर रखी फर्शियां तथा कस्तूरबा नगर की जनता कॉलोनी में अस्थायी छप्पर हटाए गए।
इसके अलावा अब्बास नगर की बंजारी बस्ती से अवैध चबूतरा और भानपुर क्षेत्र से अवैध शेड हटाया गया। अशोका गार्डन में सड़क पर खड़े तीन चारपहिया वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई, जबकि जेपी नगर सर्विस रोड से झांकी का एक ट्राला हटाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पानी की टंकियां, लोहे की जालियां, पाइप, झूले, दुकानें, गुमठियां, काउंटर, बोर्ड, टेबल-कुर्सियां और अन्य सामग्री भी हटाई गई।
निगम प्रशासन के अनुसार सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे नहीं करने की अपील की है।

