वैश्विक मंच पर चमका वडनगर, म्यूजियम को मिला रेड डॉट अवॉर्ड

देश-विदेश

जर्मनी के बर्लिन में ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित
अहमदाबाद | उत्तरी गुजरात के ऐतिहासिक शहर वडनगर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां स्थित ‘अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल एक्सपीरियंशियल म्यूजियम’ को जर्मनी के बर्लिन में प्रतिष्ठित ‘रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के साथ ही वडनगर का यह म्यूजियम भारत का पहला और एकमात्र म्यूजियम बन गया है, जिसे यह विशिष्ट उपलब्धि मिली है। इससे गुजरात की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता की सदियों पुरानी विरासत अब वैश्विक डिजाइन के मंच पर अपनी पहचान बना रही है। यह उपलब्धि गुजरात के इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वडनगर इतिहास रच रहा है और इस सम्मान से गुजरात की विरासत वैश्विक डिजाइन मानचित्र पर पहुंच गई है।
‘अनंत अनादि वडनगर’ भारत का पहला एक्सपीरियंशियल आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे किसी सामान्य प्रदर्शनी स्थल की तरह नहीं, बल्कि वास्तविक पुरातात्विक उत्खनन स्थल पर विकसित किया गया है। यह म्यूजियम वडनगर के 2,500 साल से अधिक पुराने इतिहास और यहां निरंतर मानव बसावट की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है।
जनवरी 2025 में आम लोगों के लिए खोले गए इस म्यूजियम का क्षेत्रफल करीब 12,500 वर्गमीटर है। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया था।
म्यूजियम में नौ अलग-अलग थीम आधारित गैलरी बनाई गई हैं। इनमें पुरातात्विक उत्खनन से मिले अवशेषों, ऐतिहासिक कलाकृतियों और डिजिटल प्रस्तुतियों के जरिए वडनगर की सभ्यता के विभिन्न दौरों को दर्शाया गया है। यहां आधुनिक डिजिटल तकनीक और इंटरएक्टिव स्टोरीटेलिंग के माध्यम से इतिहास को रोचक अनुभव में बदला गया है।
इस म्यूजियम की सबसे अनूठी विशेषता इसका वास्तविक पुरातात्विक उत्खनन स्थल है। यहां जमीन से करीब 16 से 18 मीटर नीचे तक मिले प्राचीन अवशेषों को संरक्षित कर प्रदर्शित किया गया है। पर्यटक इन अवशेषों को देखकर हजारों साल पुराने शहर के विकास, रहन-सहन और तत्कालीन जीवनशैली को करीब से समझ सकते हैं।
रेड डॉट अवॉर्ड 2026 मिलने के बाद वडनगर का यह म्यूजियम अब केवल भारत की ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गुजरात की सांस्कृतिक पहचान का नया प्रतीक बन गया है।