अमृतपाल सिंह की अंतरिम जमानत बढ़ाने की याचिका पर आज सुनवाई

ताज़ा खबर देश-विदेश

अमृतसर । असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की लीगल टीम ने अमृतसर की अदालत में संशोधन याचिका दाखिल की है, जिसमें उनकी तीन दिन की अंतरिम जमानत बढ़ाने की मांग की गई है। यह मांग अमृतपाल की दादी के अंतिम संस्कार और उससे जुड़ी अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए की गई है।
लीगल टीम ने अदालत से 21, 22 और 23 नवंबर के लिए अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 21 को अंतिम संस्कार, 22 को फूल चुगने की रस्म और 23 नवंबर को अंतिम अरदास संपन्न होगी। अदालत ने इस याचिका पर पंजाब सरकार से जवाब तलब किया है और मामले में मंगलवार को फैसला सुनाया जाएगा।
इसके पहले 13 नवंबर को अमृतसर की जिला एवं सत्र अदालत ने अमृतपाल को 14 नवंबर को उनकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की अंतरिम जमानत दी थी। हालांकि, असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल से पंजाब तक की लंबी यात्रा में देरी के कारण वह तय समय पर अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा नहीं पहुंच पाए थे, जिसके चलते परिवार ने अंतिम संस्कार का कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया था। अमृतपाल की पार्टी की ओर से जमानत की तारीखों में बदलाव कराने का प्रयास भी किया गया था, लेकिन 14 नवंबर को दूसरा शनिवार होने के कारण अदालत बंद थी और यह कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनके संगठन के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। पिछली बार मिली जमानत के दौरान भी उन पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे, जिसमें पुलिस की कड़ी सुरक्षा, यात्रा का खर्च खुद उठाना और मीडिया से बात करने पर पूरी तरह पाबंदी शामिल थी।