-चार राज्यों के मुख्यमंत्री और कई दिग्गज होंगे शामिल
नई दिल्ली । सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब बिलोंगिंग..अ जर्नी ऑफ लव का आधिकारिक विमोचन आज दिल्ली में होने जा रहा है। शाम छह बजे होटल मौर्या में आयोजित इस भव्य समारोह में कांग्रेस शासित राज्यों केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे। इसके साथ ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी इस कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जिन्हें रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल गांधी ने व्यक्तिगत तौर पर फोन करके आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह विजय की सोनिया गांधी से दूसरी मुलाकात होगी। इससे पहले वे जून में नीति आयोग की बैठक के लिए दिल्ली आए थे और 10 जनपथ पर सोनिया से मिले थे। 10 नवंबर को बाजार में आ चुकी 544 पन्नों की इस किताब को लिखने में 12 साल लगे हैं। इसमें इटली में सोनिया गांधी के बचपन से लेकर कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात (1965), भारत आगमन, हिंदी सीखना, राजीव की हत्या, राजनीति में प्रवेश और 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने जैसी महत्वपूर्ण घटनाएं शामिल हैं। किताब के रिलीज के मौके पर सोनिया गांधी ने इमरजेंसी को गलती बताया था और कहा था कि उनकी सास इंदिरा गांधी भी बाद में ऐसा ही महसूस करने लगी थीं। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों को शर्मनाक अध्याय कहा था। आज के इवेंट में भी उनसे लेखिका के तौर पर संक्षिप्त बात रखने की उम्मीद है। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गठबंधन के सहयोगी भी मौजूद रहेंगे।

