‘तेरा तुझको अर्पण’ की भावना से सजा अन्नकूट, 108 दीपों से हुई महाआरती

इंदौर धार्मिक

:: भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को छप्पन भोग अर्पित; मंत्री विजयवर्गीय, सांसद लालवानी सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल ::
इंदौर । आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के अन्नकूट महोत्सव में भक्ति के साथ सेवा और सामूहिक सहभागिता का संगम देखने को मिला। एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट में आयोजित ‘तेरा तुझको अर्पण’ महोत्सव में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा और मां अन्नपूर्णा को छप्पन भोग समर्पित किए गए। भगवान के विशेष श्रृंगार के दर्शन के बाद 108 दीपों से महाआरती की गई।
पंचकुइया राम मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी रामगोपाल दास और खाटू श्याम धाम के महामंडलेश्वर गोपालदास महाराज के सानिध्य में हुए आयोजन में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पार्षद निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, दीपक जैन टीनू और सृष्टि भार्गव शामिल हुए।
न्यास अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा और कार्याध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि आयोजन में संतों और बटुकों के लिए विशेष भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। समाजजनों ने अतिथियों के स्वागत से लेकर भोजन परोसने तक की जिम्मेदारी संभाली। पं. दिनेश शर्मा, पं. राजेंद्र शर्मा, डॉ. लोकेश जोशी और पं. महेश शर्मा ने भोजन व्यवस्था का समन्वय किया। अतिथियों का स्वागत पं. अखिलेश शर्मा, पं. देवीप्रसाद शर्मा, पं. प्रद्युम्न दीक्षित, पं. ओमप्रकाश शर्मा और पं. चिन्मय शुक्ला ने किया।
पं. आशीष शर्मा तिलकधारी और पं. आनंद शर्मा ने तिलक लगाकर अतिथियों की अगवानी की। भगवान के श्रृंगार की जिम्मेदारी पं. बृज शर्मा और छप्पन भोग की व्यवस्था पं. विनय शर्मा की टीम ने संभाली।