विदेशी दल ने समझी पुनर्योजी कृषि, कपास मूल्य श्रृंखला

मध्य प्रदेश

खेतों में बायोचार उपयोग, जैव विविधता तथा कपास उत्पादन प्रक्रिया को गहराई से समझा
खरगोन । जिले में विदेश से आए मेहमानों ने ग्राम रसवा में किसानों के खेतों का भ्रमण किया। यहां पुनर्योजी कृषि पद्धति के बारे में जानकारी प्राप्त की और किसानों से उनकी खेती-किसानी, दैनिक कृषि गतिविधियों तथा पुनर्योजी खेती से होने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की। जिले के बीटल रीजन के हेमंत राजपूत ने बताया कि संस्था के किसान कपास के फसल अवशेषों से बायोचार तैयार कर रहे हैं। इसका उपयोग खेतों में जैविक खाद के रूप में किया जा रहा है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार और फसल उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि किसान फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका कृषि में उपयोग कर रहे हैंए जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। आईडीएच टीम के अधिकारियों ने किसानों को खेतों के आसपास जैव विविधता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि खेतों में लाभदायक जीव-जंतुओं और कीटों को संरक्षण देने से प्राकृतिक संतुलन बना रहता है और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलता है। ग्राम रसवा के भ्रमण के बाद विदेशी मेहमानों ने खरगोन जिले स्थित केके फाइनकोट जिनिंग यूनिट का दौरा किया। यहां उन्होंने कपास की खरीदी से लेकर उसकी जिनिंग प्रक्रिया और कपास से रुई तैयार होने तक की पूरी प्रक्रिया को समझा। जिनिंग यूनिट के डायरेक्टर प्रीतेश अग्रवाल ने बताया पुनर्योजी कृषि एक ऐसी पद्धति है जो मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, जैव विविधता को बढ़ाने और कार्बन को मिट्टी में संग्रहित करने पर केंद्रित है। इसमें फसल चक्र, कवर क्रॉप्स और रासायनिक उर्वरकों का कम उपयोग शामिल है। यह न केवल फसल उत्पादन को बढ़ाता है बल्कि पर्यावरण पर कृषि के नकारात्मक प्रभाव को भी कम करता है, जिससे दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
श्री अग्रवाल ने दल को बताया कि किसानों को प्रति एकड़ उत्पादन बढ़ाने के लिए उचित पौध संख्या एवं फसल प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि जिनिंग यूनिट में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने तथा कपास खरीदी प्रक्रिया को सुगम और समयबद्ध बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों द्वारा अपनाई जा रही पुनर्योजी कृषि पद्धतियों, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और कपास की मूल्य श्रृंखला को समझना था।