-अपर्णा यादव ने यह कह केशव मौर्य के बयान किया समर्थन
कानपुर । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने राम और कृष्ण मंदिर से जुड़े मुद्दे को आस्था और श्रद्धा का विषय बताया है। कानपुर में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण लोगों के आराध्य हैं और धार्मिक विषयों को चुनावी राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की ओर से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को मथुरा आने का निमंत्रण दिए जाने पर अपर्णा यादव ने कहा कि अखिलेश यादव को यह न्योता खुशी से स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए इस तरह के निमंत्रण दिए जाते हैं।
अपर्णा यादव ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण सनातन धर्म की दृष्टि से जरूरी था। वहीं, श्रीकृष्ण मंदिर को और भव्य बनाने का फैसला सरकार पहले ही कर चुकी है। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक विषयों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
गोरखपुर में अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा के दौरान नाबालिग की मौत के मामले पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। अपर्णा यादव ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों में नारेबाजी से उत्साह पैदा होता है, लेकिन यदि किसी आयोजन में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। महिला आयोग के लंबित मामलों का जिक्र करते हुए अपर्णा ने बताया कि निर्देश मिलने पर पूरा डेटा सार्वजनिक किया जा सकता है। उनके अनुसार, 11 सितंबर 2024 को पद की शपथ लेने के बाद आयोग ने करीब 20 दिनों में लगभग 20 हजार लंबित मामलों का निस्तारण किया था।

