पगड़ी और धोती-कुर्ते में पहुंचे फैंस ने किया भांगड़ा, कनाडा से लेकर रूस तक के प्रशंसक पहुंचे; दिलजीत की एक झलक पाने को बेताब दिखे चाहने वाले
अहमदाबाद । पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ के चर्चित ऑरा इंडिया टूर को लेकर अहमदाबाद में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कॉन्सर्ट में देश-विदेश से हजारों प्रशंसक अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने के लिए पहुंचे हैं। कॉन्सर्ट को लेकर फैंस का जुनून देखते ही बन रहा है।
स्टेडियम के बाहर ही दिलजीत के चाहने वालों ने जश्न का माहौल बना दिया। कोई पारंपरिक पंजाबी पगड़ी में नजर आया तो कोई धोती-कुर्ता पहनकर अपने पसंदीदा कलाकार का स्वागत करने पहुंचा। दिल्ली और पंजाब से आए युवाओं ने ढोल-भांगड़े के साथ अपनी खुशी जाहिर की और पूरे माहौल को पंजाबी रंग में रंग दिया।
इस कॉन्सर्ट की खास बात यह रही कि दिलजीत के प्रशंसक सिर्फ भारत से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी अहमदाबाद पहुंचे हैं। कनाडा से आए कई फैंस को उम्मीद है कि दिलजीत उन्हें अपने साथ स्टेज पर परफॉर्म करने के लिए आमंत्रित करेंगे। वहीं, एक रूसी युवती भी दिलजीत की दीवानगी में खास तौर पर इस कॉन्सर्ट में शामिल होने पहुंची है।
कॉन्सर्ट शुरू होने से पहले ही स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ और उत्साह ने आयोजन की भव्यता का एहसास करा दिया। हर किसी को बस अपने पसंदीदा पंजाबी स्टार के लाइव परफॉर्मेंस और उनकी शानदार प्रस्तुति का इंतजार है।
दिलजीत दोसांझ की लोकप्रियता और उनके संगीत का जादू एक बार फिर अहमदाबाद में सिर चढ़कर बोल रहा है। देश-विदेश के प्रशंसकों की मौजूदगी ने ऑरा इंडिया टूर के इस आयोजन को खास बना दिया है।

