पीएम मोदी को बिहार आना चाहिए, चुनाव के समय ही नहीं सामान्य दिनों में भी: प्रशांत

देश-विदेश

नीतीश सेतु का उद्घाटन करना अच्छी बात, बिहार की बदहाली, पिछड़ेपन का भी दें जवाब
पटना । जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले राज्य के विकास, पलायन और बाढ़ की समस्या को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को बिहार आना चाहिए लेकिन चुनाव के समय ही नहीं बल्कि सामान्य दिनों में भी उन्हें बिहार पर उतना ही ध्यान देना चाहिए। प्रधानमंत्री नीतीश सेतु का उद्घाटन करने आ रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन उन्हें बिहार की बदहाली और पिछड़ेपन पर भी जवाब देना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीएम मोदी को तीन बुनियादी सवालों का जवाब देना चाहिए। पहला- दूसरे राज्यों की तुलना में लगातार पिछड़ रहा बिहार कब सुधरेगा और कब विकसित राज्यों के समकक्ष खड़ा होगा? दूसरा- बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए सूरत, मोरबी, जामनगर और पोरबंदर जैसे शहरों में पलायन कब बंद होगा? तीसरा- केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बिहार को बाढ़ की समस्या से स्थायी मुक्ति कब मिलेगी?
पीके ने दावा किया कि 2014 के बाद से प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद, देश की जीडीपी में योगदान और शिक्षा समेत कई पैमानों पर बिहार दूसरे राज्यों से पिछड़ता गया। उन्होंने कहा कि आज बिहार की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत का केवल 33 फीसदी रह गई है। आजादी के समय यह अनुपात 70 फीसदी था और लालू प्रसाद के 15 सालों के शासन के बाद भी 40 फीसदी था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को इन आंकड़ों पर अपनी बात रखनी चाहिए और बिहार के विकास का रास्ता बताना चाहिए।
नीतीश सेतु के निर्माण और नामकरण पर चल रहे विवाद पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इस पुल का शत-प्रतिशत श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण होने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उनके लिए इससे बड़ा सम्मान यह होता कि सात निश्चय सहित उनके कार्यक्रमों और संकल्पों को ईमानदारी से जमीन पर उतारा जाता। विधान परिषद में नियुक्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा और विधान परिषद की नियुक्तियों में धांधली की चर्चा पिछले डेढ़ साल से हो रही थी। अब मामला सामने आने के बाद कुछ नियुक्तियां रद्द की गई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार सरकार की नस-नस में समाया है और बिना रिश्वत दिए किसी विभाग में काम कराना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र में जन सुराज सभी अहम मुद्दों को उठाएगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के पोस्टरों से नीतीश कुमार की तस्वीर गायब होने पर उन्होंने जदयू पर भी निशाना साधा। प्रशांत ने आरोप लगाया कि बीजेपी धीरे-धीरे जदयू को राजनीतिक रूप से समाप्त कर रही है और पार्टी का संचालन अमित शाह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान भी नीतीश कुमार की तस्वीर प्रमुखता से नजर नहीं आई। सरकारी प्रचार में केवल पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी को प्रमुखता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक और सरकारी गतिविधियों में नीतीश कुमार तथा जदयू की प्रभावी भूमिका लगातार कम होती जा रही है।