सीएम धामी, बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद हुए शामिल, शुक्रवार को हुआ था निधन
हरिद्वार । यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडीघाट पर किया गया। सीएम योगी के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान यहां उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती और अन्य लोग मौजूद थे। बता दें योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले में उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। वह पिछले काफी समय से बीमार थीं। सावित्री देवी के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। आदित्यनाथ, चारों बेटों में दूसरे स्थान पर हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीएम योगी के बड़े भाई मानवेंद्र सिंह बिष्ट और सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट गांव के निकट बिथ्याणी महाविद्यालय में कार्यरत हैं जबकि एक अन्य छोटे भाई शैलेंद्र मोहन बिष्ट भारतीय सेना के गढ़वाल राइफल में ऑर्डिनरी कैप्टन हैं। सीएम योगी की एक बहन पुष्पा चौधरी दिल्ली में और दूसरी बहन कौशल्या देवी कोटद्वार में रहती हैं जबकि तीसरी बहन शशि पायल ऋषिकेश के निकट स्थित प्रसिद्ध नीलकंठ मंदिर के पास व्यवसाय करती हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और पूरे परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। बाबा रामदेव ने कहा कि आदरणीय माता सावित्री देवी ने अपना नश्वर शरीर त्याग दिया है और ईश्वर के चरणों में स्थान प्राप्त किया है। हम उन्हें केवल एक साधारण माता के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र की माता के रूप में देखते हैं। माता सावित्री देवी अत्यंत सौभाग्यशाली थीं कि उन्होंने योगी आदित्यनाथ जैसे वीर, यशस्वी और तेजस्वी योगी और संत को जन्म दिया। हम ईश्वर के चरणों में उनकी आत्मा की शाश्वत शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना करते हैं।

