कहा जिस बिहार ने दशकों तक बदहाली झेली, उसे नीतीश के सुशासन का भरोसा मिला
पटना । पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। ब्रिज का नाम बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले नीतीश कुमार को गले लगाया। उद्घाटन के बाद पुल पर टहलते हुए गमछा लहराया। मोदी ने कहा जिस बिहार ने दशकों तक बदहाली झेली, उसे नीतीश के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। यह पुल उनके सेवा समर्पण का सम्मान है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि साफ नीयत से काम होता है तो नतीजे दिखते हैं, जिस देश में कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही। वहां 12 साल के अंदर 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। यह सरकार की इच्छाशक्ति का परिणाम है। गरीबी के खिलाफ देश यह लड़ाई इसलिए जीत रहा है क्योंकि वे हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा एनडीए के शासन में विकास की होड़ दिखती है। हर इलाके में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। डबल इंजन सरकार में पिछले एक साल में दो लाख करोड़ रुपए के निवेश समझौते किए हैं।
सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया है। एक साल में 200 से ज्यादा डिग्री कॉलेज खोले गए। बिहार के विकास की लिस्ट इतनी लंबी है कि इसे किसी एक मंच से नहीं गिनाया जा सकता। बिहार के विकास को यहां आकर महसूस किया जाता है। पीएम ने कहा कि एक समय था जब बिहार में गांवों में बिजली नहीं थी आज वही बिहार बिजली उत्पादन का केंद्र बन रहा है। आज 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। पीएम आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को उनके पक्के घरों की चाभी सौंपी गई। एनडीए के शासन से पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी। आज बिहार में निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि गंगा मईया पर बने इस पुल को जनता के लिए समर्पित किया गया। इस ब्रिज का नाम नीतीश जी के सम्मान में रखा गया है। ये उनकी सेवा समर्पण के सम्मान का प्रतीक है। इस पुल से पटना और वैशाली की दूरी और दिक्कतें कम हो गई। फल, सब्जियां, दूध को बड़े बाजार तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। बच्चों को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में सहायता मिलेगी।
पीएम ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद, विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि हमें लोकतंत्र की ताकत को जन कल्याण का जरिया बनाया है, इसीलिए आज जब एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा हो रहा है तो इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया। मैं वैशाली की मिट्टी को नमन करता हूं। बिहार के मेरे प्यारे भाई बहनों, मैं यहां सीएम का, नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं। आप सबके दर्शन करने का मौका मिला। इतना बड़ा समुदाय मुझे नहीं लगता कैमरे में कैद हो पाएगा। यह विकास के प्रति जागरूकता का सबूत है। छठी मैया के आशीर्वाद से हम विकास का यह पर्व मना रहे हैं। लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ, माताओं बहनों ने कठिन व्रत करके परिवार समाज और जगत के मंगल की कामना की है।

