अरशद वारसी डबल रोल में आएंगे नजर, संजीदा शेख की बढ़ेंगी मुश्किलें

इंदौर

क्राइम कॉमेडी जीवन या भीमा कॉन? का प्रीमियर 27 नवंबर को ::
इंदौर । अभिनेता अरशद वारसी आगामी क्राइम कॉमेडी जीवन या भीमा कॉन? में दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में उनके दो हमशक्ल किरदारों के कारण ऐसी परिस्थितियां बनती हैं, जो हास्य और उलझनों को जन्म देती हैं। संजीदा शेख फिल्म में उनकी पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का प्रीमियर 27 नवंबर 2026 को लायंसगेट प्ले के टाइगर टीवी पर होगा।
अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय राज, बृजेन्द्र काला और पूजा चोपड़ा भी अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी जीवन और भीमा नाम के दो ऐसे व्यक्तियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी शक्ल एक जैसी है। पहचान का भ्रम, जालसाजी और एक-दूसरे की योजनाओं में उलझते किरदार कहानी को आगे बढ़ाते हैं।
अरशद वारसी ने कहा कि जीवन और भीमा दो अलग-अलग व्यक्ति हैं, लेकिन एक जैसी शक्ल होने के कारण दोनों की प्रतिक्रियाओं में हास्य पैदा करना उनके लिए दिलचस्प अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि फिल्म में कॉमेडी परिस्थितियों से पैदा होती है।
संजीदा शेख के अनुसार अरशद के साथ काम करना मजेदार अनुभव रहा। इस फिल्म में उनके सामने दो अरशद थे। उन्होंने कहा कि कहानी में उनका किरदार एक योजना और उससे पैदा होने वाली मुश्किलों के बीच उलझा रहता है।