बीआरओ की कार्रवाई को लेकर केंद्र पर बरसी महबूबा
श्रीनगर । पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष और पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती को मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शेषनाग झील जाते समय पुलिस ने रोक दिया। वे वायरल वीडियो की जांच करने जा रही थीं, जिसमें अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भारी मशीनों और खुदाई का काम दिखाया गया है। पूर्व सीएम महबूबा ने चेतावनी दी कि यदि हिमालय के नाजुक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया गया, तब अमरनाथ शिवलिंग का बनना असंभव होगा।
चंदनवाड़ी से शेषनाग तक पैदल जाने की कोशिश कर रहीं महबूबा ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शेषनाग में जो हो रहा है, वह बहुत डरावना है, जहां बड़ी मशीनों और बुलडोजरों का इस्तेमाल हो रहा है। उनके अनुसार, जंगल, पहाड़ और ग्लेशियर अमरनाथ शिवलिंग के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और उन्हें नष्ट करने से पवित्र परंपरा का अस्तित्व खतरे में पड़ेगा। पीडीपी नेता महबूबा ने शेषनाग को हिंदू परंपरा और कश्मीरियत का प्रतीक बताकर कहा कि यह विकास के नाम पर परिदृश्य को बदलने का प्रयास है, जैसा कि उत्तराखंड में भी किया गया है।
यह खुदाई सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा अमरनाथ यात्रा कॉरिडोर के विस्तार से जुड़ी है, लेकिन इसकी संवेदनशीलता को देखकर विरोध हो रहा है। पर्यावरण विशेषज्ञों ने क्षेत्र में भारी मशीनों के उपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भूस्खलन की आशंका जाहिर की है, क्योंकि यह क्षेत्र अस्थिर भू-भाग और ढीले हिमनद मलबे से घिरा है। विशेषज्ञों के अनुसार, खुदाई और कंपन से लिद्दर नदी के पानी की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है, जिसका शेषनाग झील प्रमुख स्रोत है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि अमरनाथ यात्रा मार्ग का 85 प्रतिशत हिस्सा भूस्खलन के लिए संवेदनशील है।
महबूबा मुफ्ती ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मामले में हस्तक्षेप करने और कश्मीर के नाजुक हिमालयी पर्यावरण से समझौता न करने की अपील की है। वहीं, बीआरओ ने वायरल वीडियो पर अपनी स्थिति साफ कर कहा है कि यात्रा के बाद ट्रैक चौड़ा करने का काम निर्धारित सुरक्षा और पर्यावरण नियमों के तहत हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्य मौजूदा ट्रैक तक ही सीमित है और भीड़ में भगदड़ जैसी स्थितियों से बचने के लिए ट्रैक का चौड़ा होना आवश्यक है। बीआरओ ने आश्वस्त किया कि कमजोर हिस्सों को स्थिर किया जा रहा है, खुदाई की मिट्टी का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है और प्राकृतिक जल निकासी की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

