8 दिनों में 150 से अधिक वैश्विक प्रतिनिधियों से संवाद; 11 वन-टू-वन, 4 मंत्रीस्तरीय बैठकें और 8 क्षेत्रीय गोलमेज सम्मेलन आयोजित।
महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, खेल अवसंरचना और पर्यटन में निवेश एवं रणनीतिक साझेदारी पर विशेष जोर।
मंत्री ऋषिकेश पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक उद्योग जगत और प्रवासी भारतीय समुदाय को 10-12 जनवरी 2027 के वीजीजीएस में भागीदारी का दिया आमंत्रण अहमदाबाद (ईएमएस)| वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 की पूर्व तैयारी के अंतर्गत गुजरात सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में सफलतापूर्वक रोड-शो किया। गुजरात सरकार के ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स, पंचायत एवं ग्रामीण आवास तथा विधायी एवं संसदीय कार्य मंत्री ऋषिकेश पटेल के नेतृत्व में यह उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 26 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक इन देशों की यात्रा पर गया था। आठ दिनों के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख कंपनियों, निवेशकों और संस्थानों के साथ 11 वन-टू-वन बैठकें, 4 मंत्री-स्तरीय बैठकें और 8 क्षेत्र-विशिष्ट गोलमेज बैठकें कीं, जिनमें व्यवसाय, उद्योग और सरकार से जुड़े 150 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दोनों देशों में 6 स्थलों एवं सुविधाओं का दौरा किया तथा प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ 3 संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। ये विदेशी दौरे और रोड-शो 10 से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए गुजरात के वैश्विक संपर्क एवं पहुंच अभियान का हिस्सा हैं। इनका उद्देश्य आर्थिक साझेदारियों को और मजबूत करना, निवेश आकर्षित करना तथा महत्वपूर्ण खनिजों, ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा, खेल अवसंरचना और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गुजरात में उपलब्ध अवसरों को प्रदर्शित करना था।
प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश पटेल के साथ गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। चीफ कमिश्नर ऑफ स्टेट टैक्स रूपवंत सिंह (आईएएस) और भूविज्ञान एवं खनन आयुक्त डॉ. धवल पटेल (आईएएस) शामिल थे। साथ ही उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में श्रेयांस गोयल, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, शक्ति ग्रुप ऑफ कंपनीज, मेहुल वैद्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (परियोजना विकास), रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मिलन ठक्कर, निदेशक, एलेक्सियस प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड एवं हर्षिल तमाकुवाला, संस्थापक एवं निदेशक, हिंदुस्तान मैग प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल थे।
ऑस्ट्रेलिया: 26 से 30 अक्टूबर 2026 ऑस्ट्रेलिया में प्रतिनिधिमंडल ने मेलबर्न, सिडनी और ब्रिस्बेन का दौरा किया। इस दौरान उसने प्रमुख कंपनियों, निवेशकों और संस्थानों के साथ 9 वन-टू-वन बैठकें कीं। इनमें कैवेंडिश रिन्यूएबल टेक्नोलॉजी (सीआरटी), कॉक्स आर्किटेक्चर, इनिशिएटिव स्पोर्ट्स एंड इवेंट्स, आइयोनिक, प्रोगिया फूड्स, ऑस एनर्जी स्टोर, सेंटर फॉर ऑस्ट्रेलिया–इंडिया रिलेशंस (सीएआईआर), एंडुआ और पॉपुलस शामिल थे। गुजरात सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने अनूलैक चन्थिवोंग, सांसद, बेहतर विनियमन एवं निष्पक्ष व्यापार, उद्योग एवं व्यापार, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, भवन निर्माण तथा सुधार सेवाओं के मंत्री, न्यू साउथ वेल्स सरकार; वॉरेन किर्बी, सांसद, रिवरस्टोन के सदस्य एवं न्यू साउथ वेल्स पार्लियामेंट्री फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष; तथा मार्क जोसेफ कूरे, सांसद, न्यू साउथ वेल्स में विपक्ष के प्रवक्ता, के साथ 3 मंत्री-स्तरीय बैठकें कीं। इस दौरान महानुभावों को गुजरात के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और सहयोग के बारे में प्रतिनिधिमंडल ने अवगत करवाया। इसी तरह छह गोलमेजी बैठकों में सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत और स्टार्टअप्स से जुड़े 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। एएफएल, टेरानेक्स्ट वर्ल्ड, स्मार्ट एनर्जी काउंसिल और आईएनक्यू इनोवेशन ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन गोलमेज बैठकों में खेल अवसंरचना एवं बड़े आयोजनों, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला, नवीकरणीय ऊर्जा तथा नवाचार-आधारित उद्यमिता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इसी क्रम में सिडनी में आयोजित द्वितीय ऑस्ट्रेलिया–भारत बिजनेस मीट 2026 के तहत वाणिज्यिक साझेदारियों पर कार्यकारी स्तर के संवाद तथा ब्रिस्बेन में क्वींसलैंड सरकार के साथ उच्च-स्तरीय सहभागिता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें संसाधन, ऊर्जा, खेल अवसंरचना तथा ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों से जुड़े अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात की विकास प्राथमिकताओं से संबंधित श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का अध्ययन करने के लिए मोनाश यूनिवर्सिटी, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (एमसीजी), मार्वल स्टेडियम और गाबा स्टेडियम का भी दौरा कर जायजा लिया। ऑस्ट्रेलिया के दौरे में मुख्य प्राथमिकता में संवाद एवं सहभागिता तथा महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, खेल आयोजन एवं अवसंरचना तथा पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल मेलबर्न और ब्रिस्बेन में भारतीय एवं गुजराती प्रवासी समुदाय के साथ 2 संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सेदार बना। इस मंच से गुजरात-भारतीय समुदाय से गुजरात के राजदूत के रूप में वीजीजीएस 2027 में भाग लेने का आह्वान किया।
न्यूजीलैंड: 1 और 2 नवंबर 2026 न्यूजीलैंड में प्रतिनिधिमंडल ने ऑकलैंड का दौरा किया। इस दौरान कान्टेक्ट एनर्जी और सर्विस फूड्स के साथ वन-टू-वन बैठकें की गईं तथा न्यूजीलैंड सरकार के माननीय स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं सरकारी स्वामित्व वाले उद्यमों के मंत्री सिमोन ब्राउन के साथ मंत्री-स्तरीय बैठक भी आयोजित हुई। न्यूजीलैंड दौरे के दौरान उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दो गोलमेज बैठकें कीं, जिनमें 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें एक इंडिया न्यूजीलैंड बिजनेस काउंसिल (आईएनजेडबीसी) के बैनरतले ऊर्जा एवं पेट्रोकैमिकल्स विषय पर हुई। दूसरी गोलमेज बैठक इंडिया न्यूजीलैंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईएनजेडसीसीआई) की अगुवाई में हुई। हिस्सा लेनेवाले प्रमुख प्रतिभागियों में मेनफ्रेट एयर एंड ओशन, हिरिंगा एनर्जी, एनर्जी रिसोर्सेज आओटेरोआ, बैंक ऑफ न्यूजीलैंड, एलिमेंटल ग्रुप और तरानाकी चैंबर ऑफ कॉमर्स शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कॉन्टैक्ट एनर्जी की पहली ग्रिड-स्केल ग्लेनब्रुक ओहुरुआ बैटरी परियोजना का भी दौरा किया। वन-टू-वन बैठक, गोलमेजी बैठक और सहभागिता के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, बैटरी भंडारण, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं तथा वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रौद्योगिकी से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। ऑकलैंड में आयोजित एक प्रवासी समुदाय सहभागिता कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय एवं गुजराती प्रवासी समुदाय से संवाद किया।
वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के बारे में साल 2003 में शुरू किया गया वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) निवेश, कारोबारी नेटवर्किंग और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए गुजरात सरकार का प्रमुख मंच है। इसका 11वां संस्करण, वीजीजीएस 2027, 10 से 12 जनवरी 2027 तक, गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित होगा। इस वर्ष वीजीजीएस 2027 की थीम ‘विकसित गुजरात-शेपिंग ग्लोबल फ्यूचर’ है।