:: सांवेर के धरमपुरी में आबकारी विभाग ने 10 पेटी देशी मदिरा जब्त की, वाहन सहित 8.50 लाख की जब्ती ::
इंदौर । सांवेर के धरमपुरी क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 पेटी देशी मदिरा से भरी हुंडई कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जब्त शराब की कीमत 50 हजार 400 रुपये और कार की कीमत आठ लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती 8 लाख 50 हजार 400 रुपये की है।
आबकारी विभाग की टीम ने धरमपुरी क्षेत्र में संदिग्ध कार का पीछा किया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। तलाशी में कार से आठ पेटी मसाला और दो पेटी प्लेन देशी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 90 बल्क लीटर है।
विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में विवेचना जारी है।
कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा और सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई। आबकारी उपनिरीक्षक बालमुकुंद गौड़ के नेतृत्व में आरक्षक अंकिता लोदवाल और योगेश कुमार मोहविया की टीम शामिल थी।

