:: भारतीय बल्लेबाज का टी-20 में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर, 18 गेंदों में अर्धशतक और 36 गेंदों में शतक; दिल्ली ने तमिलनाडु को 116 रन से हराया ::
इंदौर । डेली कॉलेज मैदान पर मंगलवार को दिल्ली के बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने ऐसी तूफानी पारी खेली कि टी-20 क्रिकेट के कई रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में प्रियांश ने तमिलनाडु के खिलाफ महज 68 गेंदों में 181 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 19 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। इसके साथ ही वे पुरुष टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। दिल्ली ने प्रियांश की इस विस्फोटक पारी के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट पर 275 रन बनाए और तमिलनाडु को 116 रन से हरा दिया।
प्रियांश ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि 36 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और 60 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए। 266.17 के स्ट्राइक रेट से खेली गई उनकी पारी में 19 छक्के शामिल रहे। इस तरह उन्होंने एक टी-20 पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की। न्यूजीलैंड के फिन एलन के नाम भी एक पारी में 19 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है।
:: केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा ::
प्रियांश ने भारतीय बल्लेबाज के तौर पर टी-20 में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम था, जिन्होंने आईपीएल-2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाए थे। अब प्रियांश 181 रन के साथ इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस पारी के साथ उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का भी सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड तिलक वर्मा के नाम था, जिन्होंने 2024 में 151 रन बनाए थे।
:: टी-20 इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी ::
प्रियांश की 181 रन की पारी पुरुष टी-20 क्रिकेट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी है। उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका के लुआन-द्रे प्रिटोरियस हैं, जिन्होंने 188 रन की नाबाद पारी खेली थी। प्रियांश ने कप्तान के रूप में भी टी-20 क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया।
दिल्ली के अन्य बल्लेबाजों में अनुज रावत ने नाबाद 29 और नीतीश राणा ने 18 रन बनाए। जवाब में तमिलनाडु की टीम 18.3 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। तुषार रहेजा ने 31 और एम. शाहरुख खान ने 30 रन बनाए। दिल्ली की ओर से दिग्वेश राठी ने 4, सुयश शर्मा ने 3 और मयंक यादव ने 2 विकेट लिए।
प्रियांश आर्य को उनकी रिकॉर्डतोड़ पारी और तीन कैच लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दिल्ली की इस जीत से टीम के छह मैचों में चार जीत के साथ 16 अंक हो गए हैं। वह एलीट ग्रुप-बी की अंक तालिका में बेहतर नेट रनरेट (+2.871) के आधार पर शीर्ष पर है।

