संसद ने किया नया शिक्षा कानून पारित, विपक्षी दलों ने इसे बताया भेदभावपूर्ण
रोम । इटली की संसद ने एक नया शिक्षा कानून पारित हुआ है, जिसने देश में विवाद खड़ा कर दिया है। यह कानून स्कूलों में चेहरा ढकने वाले कपड़ों पर प्रतिबंध लगाने और विदेशी छात्रों की संख्या को नियंत्रित करने के प्रावधानों से चर्चा में आया। संसद के निचले सदन ने इसे 142 वोटों से पारित किया है, जबकि सीनेट ने पहले ही इसे मंजूरी दे दी थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस नए शिक्षा कानून का सबसे विवादित प्रावधान चेहरा ढकने से जुड़ा है। इसके मुताबिक स्कूल में कोई भी छात्र ऐसा कपड़ा या परिधान नहीं पहन सकेगा, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो। यदि कोई छात्र चेहरा ढककर स्कूल आता है और अपनी पहचान स्पष्ट नहीं करता, तो उसे शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी। इस नियम का उद्देश्य स्कूल परिसर में छात्रों की पहचान सुनिश्चित करना बताया है।
कानून में दूसरा बड़ा बदलाव विदेशी छात्रों के दाखिले से संबंधित है। इसके तहत पहली कक्षा में विदेशी छात्रों की संख्या कुल विद्यार्थियों के 30 फीसदी तक सीमित की गई है। हालांकि, यह नियम सभी विदेशी छात्रों पर समान रूप से लागू नहीं होगा, जिन बच्चों की इटैलियन भाषा पर अच्छी पकड़ है, उन्हें इस सीमा में छूट मिल सकती है। इसका उद्देश्य यह तय करना है कि किसी एक स्कूल में विदेशी छात्रों की संख्या अत्यधिक न हो और सभी बच्चों को पढ़ाई का समान अवसर मिले। यदि किसी स्कूल में 30 फीसदी की सीमा पूरी हो जाती है, तो अधिकारियों को आसपास के दूसरे स्कूलों में विदेशी छात्रों के दाखिले की व्यवस्था करनी होगी।
नए शिक्षा कानून में विदेशी परिवारों को इटैलियन भाषा से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत विदेशी माता-पिता के लिए इटैलियन भाषा की कक्षाएं शुरू की जाएंगी, ताकि वे अपने बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की गतिविधियों में बेहतर तरीके से भाग ले सकें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इसका मकसद विदेशी छात्रों को अलग करना नहीं, बल्कि उन्हें इटैलियन भाषा, संस्कृति और नियमों से जोड़कर वास्तविक एकीकरण सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट के मुताबिक इस कानून को लेकर इटली की राजनीति में बहस छिड़ गई है। विपक्षी दलों ने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए विरोध किया है। संसद में मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने स्कूल में कोई विदेशी नहीं होता जैसे प्लेकार्ड भी दिखाए। इसके अलावा, कानून में डिजिटल किताबों को बढ़ावा देने, दिव्यांग छात्रों की सहायता और शिक्षकों की भर्ती से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं। इटली का यह नया शिक्षा कानून स्कूलों में चेहरा ढकने, विदेशी छात्रों के दाखिले और भाषा सीखने को लेकर कई नए नियम लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, लेकिन इसे भेदभाव और धार्मिक स्वतंत्रता पर असर को लेकर विवादों का सामना करना पड़ रहा है।

