केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सनसनीखेज दावा
नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सनसनीखेज दावा किया है कि अगर वरिष्ठ नेता शरद पवार कांग्रेस में बने रहते और सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर विरोध न करते, तब उन्हें दिवंगत मनमोहन सिंह के बाद प्रधानमंत्री बनने का मौका मिल सकता था। केंद्रीय मंत्री आठवले ने सोनिया गांधी की नई किताब बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव के संदर्भ में यह बात कही, जिसमें विदेशी मूल के मुद्दे पर कई नेताओं द्वारा सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने का विरोध करने का जिक्र है।
केंद्रीय मंत्री आठवले के अनुसार, शरद पवार को विदेशी मूल का मुद्दा उठाने के बाद ही कांग्रेस से निष्कासित किया गया था। उन्होंने कहा, अगर शरद पवार कांग्रेस में रहते और यह विदेशी वाली लाइन नहीं लेते, तब शायद 2009 के बाद मनमोहन जी के उपरांत पवार को प्रधानमंत्री बनने का मौका मिल सकता था। केंद्रीय मंत्री आठवले ने जोर दिया कि पवार को यह लाइन नहीं लेनी चाहिए थी, जिससे उन्हें भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने संविधान का हवाला देकर कहा कि बाबा साहब आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के अनुसार, भारत का कोई भी नागरिक चुनाव लड़ने का अधिकार रखता है और किसी भी पद पर जा सकता है।
मोदी के मंत्री आठवले ने स्पष्ट किया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में शरद पवार पर उनके विदेशी मूल का विरोध करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पवार ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में सिर्फ यह प्रस्ताव रखा था कि सोनिया का नाम आने पर पार्टी का नुकसान हो सकता है, उन्होंने सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए ऐसा सीधे तौर पर नहीं कहा था। लेकिन पार्टी ने इसका कड़ा विरोध किया और पवार को पार्टी से निष्कासित किया, इसके बाद उन्होंने 1999 में अपनी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) बनाई।
केंद्रीय मंत्री आठवले ने अपने व्यक्तिगत अनुभव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2004 में जब यूपीए की सरकार बनी थी और वह रिपब्लिकन पार्टी के टिकट पर कांग्रेस गठबंधन में इकलौते चुनकर आए थे, तब उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था। सोनिया गांधी ने उस समय कहा था कि वे शरद पवार के साथ थे, और पवार ही उन्हें मंत्री बनाने की जिम्मेदारी लें। आठवले ने कहा कि पवार ने बाद में खुद भी स्वीकार किया था कि इस लाइन लेने से उनका भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी की किताब में इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लागू करने के बाद उन्हें हुई अनुभूति का भी जिक्र है कि ऐसा नहीं करना चाहिए था।

