यह पोत स्टील्थ तकनीक, आधुनिक रडार और अत्याधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणाली से है लैस
कोलकाता । भारतीय नौसेना को युद्धपोत आईएनएस विंध्यगिरि सौंप दिया गया है। शुक्रवार को कोलकाता के गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड में इसकी डिलीवरी हुई। इसके साथ ही नीलगिरि क्लास के सभी सात युद्धपोत नौसेना को मिल गए हैं। करीब 45 हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना के तहत 23 महीने में सभी युद्धपोत सौंपे गए हैं। आईएनएस विंध्यगिरि ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल और बराक-8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल से लैस है। इसमें स्टील्थ तकनीक, आधुनिक रडार और अत्याधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणाली लगाई गई है। इससे यह दुश्मन के जहाजों, लड़ाकू विमानों और पनडुब्बियों से मुकाबला कर सकता है।
युद्धपोत के करीब 75फीसदी उपकरण और तकनीक स्वदेशी हैं। इसके निर्माण में 200 से ज्यादा एमएसएमई कंपनियों ने हिस्सा लिया। प्रोजेक्ट से करीब चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला। इस पोत की लंबाई 149 मीटर और वजन 6,670 टन है। इसमें 225 नौसैनिकों के रहने और हेलीकॉप्टर संचालन की सुविधा है। प्रोजेक्ट 17ए के बाद नौसेना अब प्रोजेक्ट 17बी के तहत सात अगली पीढ़ी के गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए शिपयार्ड के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस परियोजना का अनुबंध 2028 में होने की संभावना है।

