विदेश मंत्री जयशंकर ने आईओआरए की 25वीं मंत्रीपरिषद बैठक की अध्यक्षता की
नई दिल्ली । विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हिंद महासागर क्षेत्रीय संगठन (आईओआरए) की 25वीं मंत्रीपरिषद बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग, साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि हिंद महासागर क्षेत्रीय संगठन के सदस्य देशों के बीच होने वाली चर्चा संगठन के भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक समृद्धि के लिहाज से बेहद अहम है। ऐसे में संगठन को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करने और क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाने की जरूरत है। जयशंकर ने एक्स पर बैठक की जानकारी शेयर करते हुए कहा कि भारत का आईओआरए के प्रति दृष्टिकोण और संगठन की अध्यक्षता की प्राथमिकताएं महासागर विजन से निर्देशित हैं। यह भारत की पहले की सागर पहल का विस्तार है।
उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता का विषय हिंद महासागर क्षेत्र में इनोवेशन, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलनशीलता रखा गया है। यह इस विश्वास को दर्शाता है कि बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक हालात के बीच आईओआरए को खुद को लगातार प्रासंगिक और सक्षम बनाए रखना होगा। विदेश मंत्री ने कहा कि मौजूदा दौर में भू-राजनीतिक परिस्थितियों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद साझेदारों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक साझेदारी पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है। यह क्षेत्र वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए भी अहम है। इसलिए क्षेत्रीय सहयोग के जरिए उभरती चुनौतियों का समाधान करना जरूरी है। जयशंकर ने भारत के महासागर विजन का भी जिक्र किया। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए साझा एवं समग्र प्रगति को बढ़ावा देना है।
यह भारत की सागर पहल पर आधारित है, जिसके तहत समुद्री पड़ोसी देशों के साथ सहयोग, सुरक्षा और साझा विकास को प्राथमिकता दी जाती है।
भारत वर्ष 2025 से 2027 तक आईओआरए की अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान संगठन के लिए नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलनशीलता को प्रमुख प्राथमिकता बनाया गया है।
आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक में 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग, साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

