दिल्ली के स्कूलों की तर्ज पर तैयार होंगे प्रदेश के स्कूल

दिल्ली के स्कूलों की तर्ज पर तैयार होंगे प्रदेश के स्कूल
प्राचार्यों व अध्यापकों का दल निरीक्षण के लिए जाएगा
भोपाल। प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के सरकारी स्कूलों के कायाकल्प की तैयारी की जा रही है। इसी योजना के तहत दिल्ली के सरकारी स्कूलों के मॉडल का अनुसार डेवलप कराया जाएगा।इसके लिए मप्र स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 45 प्राचार्यों व वरिष्ठ अध्यापकों के दल को दिल्ली के सरकारी स्कूलों का अवलोकन करने के लिए भेजा जा रहा है। सभी प्राचार्य 20 व 21 मई को दिल्ली के सरकारी स्कूलों का अवलोकन करेंगे। बताया जा रहा है कि दिल्ली में सरकारी स्कूलों को प्रायवेट स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया गया है। वहां के सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, यूनिफार्म, आधुनिक सुविधाएं, लैब, लाइब्रेरी, बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम आदि किए गए हैं। जिसे यहां के स्कूलों में भी लागू किया जाएगा।
प्राचार्यों के तीन दल दिल्ली के स्कूलों में हुए परिवर्तन और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर कार्यों की जानकारी लेंगे। वहां अभिभावकों का झुकाव सरकारी स्कूलों में किस तरह संभव हुआ, इसकी रिपोर्ट प्राचार्य विभाग को सौपेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग नीति बनाएगा। इस बार सीहोर, रायसेन, जबलपुर, कटनी, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, गुना, विदिशा, सागर, कटनी सहित अन्य जिलों के प्राचार्य व अध्यापक जाएंगे। ज्ञात हो कि 22 व 23 अप्रैल को 30 प्राचार्यों के दो दल दिल्ली के सरकारी स्कूलों का निरीक्षण कर लौट चुके हैं। सभी स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव के सामने प्रजेंटेशन दे चुके हैं। अब फिर से तीन दलों को भेजा जा रहा है। यह दल दिल्ली के सरकारी स्कूलों की शेष रह गई खूबियों के बारे में जानकारी लेकर लौटेगा, जिसे बाद में प्रदेश के स्कूलों में लागू किया जा सकता है।
सुदामा नर-वरे/12मई2019