तपस्वी प्रधानमंत्री के पास किसानों, युवाओं, आदिवासियों की आवाज सुनने का समय नहीं है

  • तपस्या, क्रोध, नफरत और अहंकार का नाश करती है, लेकिन मोदी का अहंकार नहीं टूटा
    कीमती वोट व्यर्थ न जाने दें, अपनी शक्ति को पहचानें: प्रियंका गांधी
    रतलाम (ईएमएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने मतदाताओं से कहा है कि आप अपनी शक्ति को पहचानिये, जागरूक बनिये, बहुत बड़ी जिम्मेदारी आ रही है आपके सामने, वोट बहुत कीमती है, इसे व्यर्थ नहीं करें। प्रियंका गांधी आज रतलाम में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं।
    प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को यह बताना चाहिए कि पांच साल में उन्होंने क्या किया और अगले पांच साल में क्या करेंगे। उनकी बात सुनकर आपको ऐसा लेगगा कि जो काम पिछले 5 सालों में हुए वे पिछले 70 साल में नहीं हुए। उनके प्रचार और असलियत में फर्क है।
    प्रियंका गांधी ने कहा कि अब मोदी कहने लग गये हैं कि वे तपस्वी हैं। पचास सालों तक तपस्या की। तपस्या तो अहंकार को तोड़ती है। क्रोध और नफरत का विनाश करती है। उनकी तपस्या ने उनके अहंकार को नहीं तोड़ा है। उनका अहंकार इतना बढ़ चुका है कि बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।
    प्रियंका गांधी ने कहा कि ग्रामसभा ने आपको जमीन पर अधिकार दिया। लेकिन वह अधिकार बचा नहीं। आदिवासियों की जमीनों का अधिकार छीना गया है। वनाधिकार के पट्टे का प्रचार तो बहुत किया, लेकिन 60 प्रतिशत आवेदन खारिज किये हैं। आप अधिकार मांगते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती। यही मोदी सरकार की असलियत है।
    प्रियंका ने कहा कि मोदी सरकार में पांच साल किसानों को नकारा गया। उपज का सही दाम नहीं देते। खाद- बीज समय पर नहीं देते। तथा किसानों की आत्महत्या को देखकर मौन रहे।
    प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी ने पांच साल पहले आपने दो करोड़ रोजगार हर साल देने का वायदा किया था। परन्तु देश का नौजवान भटक रहा है, परेशान है। वहीं नोटबंदी से 50 लाख रोजगार खत्म कर डाले।
    प्रियंका ने कहा कि मैं इंदिरा गांधी की पोती हूं। आदिवासियों की संस्कृति और सभ्यता के बारे में समझती हूं।मैं आपसे आग्रह करना चाहती हूं कि जागरूक बन जाइये। आपको गुमराह करने की कोशिश की गयी। राजनैतिक इस्तेमाल किया गया। पांच साल निरादर किया गया। आपको नकारा गया है। मैं जो कह रही हूं आपके लिये, उसे वोटिंग के दिन ध्यान रखिये।
    प्रियंका ने कहा कि मोदी बतायें कि उन्होंने पांच साल क्या किया और क्या करने जा रहे हैं। कांगे्रस न्याय योजना लाएगी, जिसमें प्रत्येक गरीब परिवार की महिला के खाते में 72 हजार रूपये सालाना सरकार जमा करेगी। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा और स्कूलों में मुफ्त शिक्षा मिलेगी। तीन साल तक युवाओं को उद्योग धंधा शुरू करने के लिये कोई सरकारी परमीशन नहीं लेना पड़ेगी। देश में खाली पड़े 24 लाख सरकारी पदों को भरा जायेगा। मनरेगा में अब सौ की बजाये 150 दिनों का काम मिलेगा और समय पर मजदूरी मिलेगी। किसानों का अलग से बजट प्रस्तुत होगा।
    इसके पूर्व प्रियंका गांधी ने उज्जैन में महाकाल मंदिर जाकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उज्जैन में रोड शो किया। रतलाम में भी वे रास्ते में रोड शो की शक्ल में सभास्थल तक पहुंची। इंदौर में भी उनका एक बड़ा और भव्य रोड शो हुआ। मुख्यमंत्री कमलनाथ पूरे समय उनके साथ थे।
    हरि प्रसाद पाल / 13 मई, 2019