धमतरी में भाजपा को बड़ा झटका, जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास

धमतरी, 13 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के जनपद पंचायत नगरी की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)समर्थित अध्यक्ष श्रीमती पिंकी शिवराज शाह और उपाध्यक्ष रामदयाल साहू के खिलाफ आज कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव पारित हाेने से भाजपा को बड़ा झटका लगा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार 25 सदस्यीय नगरी जनपद में अध्यक्ष के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव 21-4 से पारित हो गया। इसी तरह परिणाम उपाध्यक्ष पद के लिये भी आया। यह भाजपा के लिये बड़ा झटका है। सभी सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। श्रीमती पिंकी चार साल से जनपद अध्यक्ष हैं।

उल्लेखनीय है कि पिंकी शिवराज शाह पूर्व विधायक भी रही हैं। वह पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की डॉ़ लक्ष्मी ध्रुव से 45000 मतों से चुनाव हार चुकी हैं। इन दोनों पदों पर कांग्रेस का काबिज होना तय माना जा रहा है।