लोकतंत्र के लिए खतरा बनीं, सद्दाम की तरह व्यवहार करने वाली ममता : ओबेरॉय

नई दिल्ली । कोलकाता में मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में बंगाल से लेकर दिल्ली तक सियासी पारा चढ़ गया है। इस बीच, बॉलिवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना इराक के दिवंगत तानाशाह सद्दाम हुसैन से की है। चुनाव बाद प्रदर्शित होने वाली पीएम मोदी की बायॉपिक में मुख्य भूमिका निभाने वाले ओबेरॉय ने कहा कि ममता के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है। लोकतंत्र खतरे में है बयान से जुड़ी खबर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उन्होंने ट्वीट किया-मैं समझ नहीं पाता हूं कि दीदी जैसी सम्मानित महिला क्यों सद्दाम हुसैन की तरह व्यवहार कर रही हैं! विडंबना देखिए, लोकतंत्र खतरे में है और उसे खुद तानाशाह दीदी से खतरा है। पहले प्रियंका शर्मा और अब तजिंदर बग्गा। यह दीदीगीरी नहीं चलेगी।
बता दें कि सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी पर आपत्तिजनक मीम शेयर करने को लेकर पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता प्रियंका शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिलने के बाद प्रियंका शर्मा बुधवार को रिहा हुईं। ओबेरॉय ने ट्वीट में उन्हीं का जिक्र किया है। इसके अलावा, भाजपा आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने दावा किया कि कोलकाता में तजिंदर पाल सिंह बग्गा समेत तमाम भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। मालवीय ने ट्वीट किया-ममता बनर्जी ने कोलकाता में कई भाजपा नेताओं पर आधी रात में सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। उन्हें बिना किसी उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए रात को उठा लिया गया। तजिंदर बग्गा और कई अन्य नेता टीएमसी की अवैध हिरासत में हैं।