रायबरेली । जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान को लेकर हुई हिंसा पर के बाद बुधवार को अचानक रायबरेली पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने स्थानीय प्रशासन और भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने इस मुददे पर प्रदेश के राज्यपाल और चुनाव आयोग से मिलने की बात भी कही।
मंगलवार को सदर विधायक और जिला पंचायत सदस्यों पर हमले के बाद बुधवार को प्रियंका गांधी फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंची। वहां से सीधे तिलक भवन कांग्रेस कार्यालय पाहुंची। वहां जिला पंचायत सदस्यों से मुलाकात की। सदर विधायक अदिति सिंह से मिली। इस हमले में विधायक अदिति सिंह तथा कई अन्य लोग घायल भी हो गये थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रशासन ने किसी भी जिला पंचायत सदस्य की मदद नही की जब वह कारवां आ रहा था तब भी प्रशासन ने कुछ नही किया। खुले आम कटटे, पत्थर, लाठियों से जिला पंचायत सदस्यों को मारा गया। सदस्यों को गाडी से घसीटकर मारा गया एक सदस्य के ऊपर से गाडी चलायी गयी है। यह कैसा लोकतंत्र चल रहा है। भाजपा की सरकार है प्रदेश में और इस तरह के हादसे हो रहे है। प्रशासन बैठा हुआ है हम पूरी तरह से कानूनी कार्यवाही करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राज्यपाल से मुलाकात कर रहे है दिल्ली में चुनाव आयोग से कर रहे है। जितनी भी हमारा राजनीतिक जोर है हम लगायेंगे। पूरा कानूनी काम करेंगे, अगर प्रशासन के खिलाफ भी एफआईआर करनी होगी तो हम करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है रायबरेली पर हमला है।
विदित हो कि रायबरेली में मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान को लेकर हुई हिंसा में कांग्रेस की सदर विधायक अदिति सिंह समेत कई लोग घायल हो गये थे। घटनाक्रम के मुताबिक जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिये कुछ सदस्य आ रहे थे। आरोप है कि पंचायत सदस्यों की अगुवाई कर रहे सदस्य राकेश अवस्थी को बछरावां की सीमा में निगोहा थाना क्षेत्र में स्थित टोल प्लाजा पर दबंगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, रायबरेली सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने आरोप लगाया कि वह मतदान का जायजा लेने जा रही थीं, तभी हरचंद थाना क्षेत्र में उनकी कार पर पीछे से टक्कर मारी गयी, जिससे वह पलट गई। उन्हें बायें हाथ में चोट आयी है। इसके अलावा कार पर सवार कई अन्य लोग भी जख्मी हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जितेन्द्र
15 मई 2019