नई दिल्ली। यूपी के मिर्जापुर में रोड शो के दौरान कांग्रेस महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ‘मगरूर और कमजोर’ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के समय किये गये वायदों को पूरा नहीं किया। कांग्रेस झूठे वायदे नहीं करती बल्कि धरातल पर काम करती है।
प्रियंका ने कहा कि अच्छा होता कि आप लोगों ने अमिताभ बच्चन को ही प्रधानमंत्री बना दिया होता। इस रोड शो में प्रियंका के साथ मिर्जापुर के कांग्रेस उम्मीदवार ललितेश पति त्रिपाठी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ‘अब आप समझ लीजिए की आपने दुनिया के सबसे बड़े अभिनेता को अपना प्रधानमंत्री दिया है। इससे अच्छा तो आप अमिताभ बच्चन को ही पीएम बना देते।
प्रियंका ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ‘भाजपा का मकसद सत्ता हासिल करना है, चाहे वह जैसे भी मिले। पीएम मोदी को ‘किसान विरोधी’ करार देते हुए प्रियंका ने कहा कि पिछले पांच साल में मोदी दुनिया भर में हर जगह यात्रा करते नजर आये लेकिन उन्होंने अपने ही देश के किसानों से मिलने की आवश्यकता नहीं समझी। उन्होंने कहा कि मोदी के लिए राष्ट्रवाद का मतलब है, उन्होंने पाकिस्तान से निपटने के लिए जो कुछ किया, सिर्फ उसका बखान करना। रोजगार और किसानों की बात करना उनके लिए राष्ट्रवाद नहीं है। ‘आप 56 इंच सीने की बात करते हैं, लेकिन आपका दिल कहां है।’ प्रियंका ने कहा था कि बीते पांच साल में पांच करोड़ नौकरियां समाप्त की गयीं और 24 लाख सरकारी पद रिक्त पड़े हैं। नोटबंदी के दौरान लगभग 50 लाख लोगों की नौकरियां चली गयीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर रिक्त सरकारी पदों को भरा जाएगा।
विपिन/ 17 मई 2019