जिला बदर की गोली मारकर हत्या

शिवपुरी जिले के भौंती क्षेत्र में बीती रात एक व्यक्ति की अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस पोस्ट मार्टम के लिए शव देर शाम शिवपुरी जिला अस्पताल लाया गया है। मृतक जिला बदर का भी अपराधी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक भौंती के मजरा मीरपुरा निवासी सिरनाम सिंह (४०) पुत्र बाघराज लोधी शुक्रवार को किसी शादी में शामिल होने गए थे। रात को लौटते वक्त किसी ने गोली मारकर सिरनाम सिंह लोधी की हत्या कर दी। सुबह नहर की पुलिया के नीचे लाश पड़ी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शाम को पीएम के लिए शव को शिवपुरी लेकर आए। पुलिस की मौजूदगी में पीएम कराया गया। मृतक का कई लोगों से जमीन विवाद चल रहा था। इसलिए परिजन ने कुछ संदेहियों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर हत्यारों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है।
राजेश शर्मा / १९ मई २०१९