डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को जबरन दी जा रही छुट्टी

नई दिल्ली । हिंदूराव अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने सैलरी ना मिलने से परेशान होकर इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं ठप करने का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को भी जबरन छुट्टी दी जा रही है। इतना ही नहीं हड़ताल की वजह से आपातकाल सेवाएँ तक प्रभावित हो रही है। हड़ताल की वजह से शनिवार को अस्पताल के इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर पर ताला लटका मिला। मरीजों के साथ आए परिजन खुद ही उन्हें अपनी गोदी या स्ट्रेचर पर इधर- उधर ले जाते दिखे। सैलरी ना मिलने पर हड़ताल पर गए डॉक्टरों की वजह से हालात सोमवार को और बिगड़ने की संभावना है। वहीं डॉक्टरों ने दावा किया है कि मरीजों की सुविधा के लिए सोमवार से पैरलल ओपीडी चलाएंगे। गौरतलब है कि अस्पताल के 450 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर है।
डॉक्टरों की हड़ताल से मरीज भी काफी प्रभावित हो रहे हैं। आगरा की रहने वाली नीलम बताती है कि उनका साढ़े 6 महीने का बच्चा काफी बीमार था और उससे लगातार उल्टी- दस्त हो रहे थे। उन्होंने बताया कि जब आगरा के उस्पतालों के इलाज से बच्चे को फायदा नहीं मिला, तो वह उसे तुरंत दिल्ली आई और यहां बाड़ा हिंदूराव अस्पताल भर्ती करा दिया। परंतु रविवार को अस्पताल की छुट्टी होने की खबर से नीलम के होश उड़ गए। उन्होंने कहा कि बच्चे की तबीयत बहुत खराब है और इस अस्पताल का नाम सुना था, इसलिए बच्चे को आगरा से दिल्ली लाई। यहां के इलाज से वच्चे की हालत में सुधार भी आया था, परंतु कहा जा रहा है कि रविवार को छुट्टी है। ऐसे में बीमार बच्चे को लेकर अब कहां जाऊं।
हर्षिता/19 मई 2019