भोपाल। भाजपा के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव के एक बयान को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मेरे एक जेब में ब्राह्मण है और एक जेब में बनिया। इस पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इन दोनों वर्गों का अपमान कर रहे हैं।
भाजपा नेता पी. मुरलीधर राव ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री वीडी शर्मा के साथ पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उपचुनावों में जीत का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जोबट और पृथ्वीपुर की जीत बेहद खास है। यह कोई आम जीत नहीं है। हम हर पोलिंग बूथ पर 10 प्रतिशत वोटिंग बढ़ाने का टारगेट लेकर काम करेंगे। इसके लिए बूथ कमेटी स्तर पर मेहनत करेंगे। इसके लिए हम मैक्रो नहीं बल्कि माइक्रो प्लानिंग पर फोकस करेंगे। इसी दौरान एक सवाल के जवाब में राव ने कहा हमारी एक जेब में ब्राह्मण है और एक जेब में बनिया। हम जनजातीय समाज के करीब जा रहे हैं। एसटी पर हमारे फोकस का ही नतीजा है कि जोबट में हमें जीत मिली है।
इस पर सख्त प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जिन दो वर्गों के नेताओं ने भाजपा को खड़ा करने में महती भूमिका निभाई है, उनका यह कैसा सम्मान? भाजपा नेता अहंकार और नशे में चूर हैं। भाजपा को लगता है कि यह वर्ग उसकी बपौती है। भाजपा नेतृत्व को तत्काल इन वर्गों से माफी मांगनी चाहिए।