पीएम मोदी से आज मुलाकात करेंगे फड़नवीस और शिंदे, सोमवार को दिलाई जा सकती है नए मंत्रियों को शपथ

मुंबई । महाराष्ट्र के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस इस समय दिल्ली के दौरे पर हैं। दोनों ने शुक्रवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक रात 9.30 बजे शुरू हुई और करीब 2 बजे समाप्त हुई। बैठक में कैबिनेट विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि गृह मंत्रालय का नया पद किसे मिलेगा।
खबरों के मुताबिक, गृहमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडनवीस की जगह चंद्रकांत पाटिल को आगे किया जा सकता है। इससे पहले जब फडनवीस मुख्यमंत्री थे, तब वे गृहमंत्री थे। अब संभव है कि फडनवीस की जगह चंद्रकांत पाटिल को यह विभाग मिल जाए। भाजपा गृह विभाग के साथ वित्त विभाग पर भी जोर दे रही है। चंद्रकांत पाटिल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अगर वह कैबिनेट में शामिल होते हैं, तो किसी ओबीसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।
सूत्रों ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा की नजरें ओबीसी वोट बैंक पर ही टिकी हैं। सूत्रों के मुताबिक अमित शाह के साथ हुई दोनों नेताओं की बैठक में कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया। शिंदे गुट को 13 मंत्री पद मिलने की संभावना है। बाकी भाजपा को मिलेंगे। आपको बता दें कि शिंदे-फडनवीस आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। हालांकि महाराष्ट्र कैबिनेट के फॉर्मूले को अंतिम रूप दे दिया गया है। नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण सोमवार सुबह होने की संभावना है।