इन्दौर । अग्रवाल समाज की शीर्ष संस्था अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के 7 अगस्त को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए कुल 200 लोगों की टीम गठित की गई है, जो मतदान के दौरान सभी व्यवस्थाएं संभालेंगी। मतदान हेतु कुल 16 बूथ बनाए जा रहे हैं। इनमें से 4 बूथ संरक्षक, आजीवन एवं संस्थागत सदस्यों के लिए होंगे, जबकि शेष 12 बूथ आम मतदाताओं के लिए होंगे। इस बार कुल 5 हजार 380 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 21 पदों के लिए मैदान में उतरे 48 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस बार चुनाव में पैनल बनाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पैनल बनाकर प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कुलभूषण मित्तल कुक्की एवं केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष (संवैधानिक चुनाव अधिकारी) गोविंद सिंघल ने बताया कि राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर रविवार 7 अगस्त को होने वाले मतदान की तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। पूर्व में नियुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राम ऐरन के विदेश प्रवास पर जाने के कारण अब केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल को नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ सहयोगी निर्वाचन अधिकारी अजय मंगल, अशोक बूबना, सचिन अग्रवाल, विश्वास अग्रवाल एवं सुरेश बंसल के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। कुक्की ने चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी के लिए और आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिए देवेन्द्र बंसल, पार्षद मृदुल अग्रवाल, प्रो. रमेश मंगल, अमिताभ सिंघल, शैलेष गर्ग, गोविंद मंगल एवं महेश गर्ग को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। आज इन सभी पर्यवेक्षकों के साथ एक बैठक का आयोजन आंचल नगर स्थित केन्द्रीय समिति के कार्यालय पर किया गया, जिसमें आचार संहिता की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर कोई भी पोस्ट डालने के लिए नए नियम बनाए गए हैं। यह भी तय किया गया है कि किसी भी प्रत्याशी के साथ प्रचार अभियान में दो से अधिक साथी नहीं रहेंगे। प्रत्येक मतदाता को 21 वोट देना जरूरी होगा। इनमें अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, सहमंत्री एवं सह संयोजक के लिए एक-एक और पुरुष कार्यकारिणी के लिए 10 तथा महिला कार्यकारिणी के लिए 3 मत देना अनिवार्य होगा। मतदान सुबह 9.30 से अपरान्ह 4.30 बजे तक होगा।
केन्द्रीय समिति के निर्वाचन में कुल 21 पदों के लिए 48 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए अंग्रेजी वर्णमाला के अनुसार मतदाताओं के नाम के पहले अक्षर के 16 बूथ बनाए जा रहे हैं। इनमें से 4 को छोड़कर शेष 12 बूथों पर आम मतदात अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतगणना के लिए भी सनदी लेखापाल (सीए) की टीम गठित की गई है। मतगणना 7 अगस्त को ही मतदान के संपन्न होने के तुरंत बाद शुरू हो जाएगी। प्रचार अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सदभाव के वातावरण में हो रहा है।