गंगटोक । सिक्किम में बारिश ने इन दिनों आफत मचा रखी है। भारी बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इस कारण कई राजमार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी देकर लोगों से फिलहाल यात्रा नहीं करने का आग्रह किया है। पूर्वी सिक्किम में सिंगतम और रंगपो के बीच 20 मील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भूस्खलन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-20 को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे गंगटोक से क्षेत्र का संपर्क टूट गया है।
इस सप्ताह यह दूसरी बार है, जब सिक्किम की राजधानी को पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी से जोड़ने वाला मुख्य राजमार्ग 20 मील क्षेत्र में उसी स्थान पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया। भूस्खलन के दोनों ओर वाहन फंस गए हैं और पकयोंग और पंडम का वैकल्पिक मार्ग भी कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण खराब हुआ है। पूर्वी सिक्किम जिले के अधिकारियों ने कहा कि 20 मील में फैले भूस्खलन को साफ करने में कुछ समय लग सकता है, क्योंकि भारी बारिश ने सफाई प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही हैं।
वहीं सड़क और पुल विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से तब तक यात्रा न करने को कहा है, जब तक कि बहुत जरूरी न हो, क्योंकि लगातार बारिश ने पहाड़ों और चट्टानों को ढीला कर दिया है, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ा है। एडवाइजरी में कहा गया है कि पूरे राज्य में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और विभाग जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करने के लिए काम कर रहा है।