सेंसेक्स में 220 की गिरावट और निफ्टी 17,172 पर
मुंबई । वैश्विब बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और विदेशी कोषों की निकासी के चलते मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों में गिरावट आई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 220.86 अंक गिरकर 57,770.25 पर आ गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 68.05 अंक गिरकर 17,172.95 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स में टाइटन, पावर ग्रिड, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर एशियन पेंट्स, इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आईटीसी में बढ़त हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सोल, तोक्यो और हांगकांग के बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई में तेजी थी। अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए। पिछले कारोबारी सत्र की बात करें तो भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई थी, लेकिन निवेशकों पॉजिटिव सेंटिमेंट के चलते बाजार काफी हद तक संभल गया। इसके चलते शेयर बाजार में मामूली गिरावट देखी गई। सोमवार को सेंसेक्स 200.18 अंक की गिरावट के साथ 57,991.11 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 73.65 अंक गिरकर 17,241 पर बंद हुआ। इस दौरान भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 2139.02 करोड़ रुपए की बिकवाली की थी। वहीं इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2137.46 करोड़ रुपए की खरीदारी की थी।