20 से अधिक मंचों से हुआ स्वागत, झांकी एवं भगवान शिव की वेशभूषा में शामिल कलाकार रहे आकर्षण का केंद्र

इन्दौर। विभिन्न मंचों से बरसते फूल… भगवान और महापुरूषों की वेशभूषा में शामिल कलाकार एवं घोड़े पर सवार बच्चे… भजनों पर नाचते-झूमते भक्त… जयकारा लगाते श्रद्धालु और पालकी में विराजित भगवान शिव गोरक्षनाथ। यह माहौल था आज सुबह पश्चिमी क्षेत्र स्थित दशहरा मैदान का। जहां से आज सुबह नाथ जोगी समाज द्वारा भगवान शिव गोरक्षनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्तियों के साथ-साथ युवा एवं राजनीतिक पार्टी से जुड़े कई लोग भी शामिल हुए थे। शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न मंचों से यात्रा का स्वागत भी किया गया एवं यात्रा के मार्ग में सभी भक्तों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
नाथ जोगी समाज एवं शिव गोरक्षनाथ मंदिर सेवा समिति संरक्षक मनोहर योगी ने बताया कि पश्चिमी क्षेत्र स्थित दशहरा मैदान से निकली भगवान शिव गोरक्षनाथ की शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। शोभायात्रा की शुरूआत सभी श्रद्धालुओं एवं नाथ जोगी समाज के वरिष्ठों द्वारा भगवान शिव गोरक्षनाथ की महाआरती के साथ की गई। महाआरती के पश्चात शिव गोरक्षनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों की संख्या में मातृशक्तियां, युवक-युवतियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए थे। दशहरा मैदान से जैसे भगवान शिव गोरक्षनाथ की पालकी यात्रा निकली वैसे-वैसे भक्तों का भी हुजूम भी यात्रा में शामिल होता चला गया। शोभायात्रा में इस वर्ष आने वाले सभी श्रद्धालुओं को नाथ जोगी समाज द्वारा स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए सभी भक्तों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। शोभायात्रा के मार्ग में भगवान शिव गोरक्षनाथ की भव्य झांकी भी निकाली गई थी। इस झांकी में भगवान शिव गोरक्षनाथ के साथ-साथ अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा भी थी जो मार्ग में सभी भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। यात्रा में भगवान शिव की वेशभूषा में शामिल कलाकार एवं बच्चे भी मार्ग में नृत्यों की प्रस्तुति देते हुए चल रहे थे। भगवान शिव गोरक्षनाथ की इस शोभायात्रा में भगवान शिव गोरक्षनाथ की पालकी, बग्घी, घोड़े, बैंड़-बाजे, ताशे, ढ़ोलक के साथ-साथ भजनों मंडलियां भी थी जो सभी भक्तों को नाचते-थिरकाते हुए यात्रा के मार्ग में चल रही थीं। वहीं यात्रा के मार्ग में सांधु संत भी बग्घियों में संवार होकर सभी भक्तों को अपना आशीष प्रदान कर रहे थे। दशहरा मैदान से प्रारंभ हुई शोभायात्रा अन्नपूर्णा रोड़, चाणक्य पूरी, रिंग रोड़, गोपूर चौराहा, ग्रेटर वैशाली, सूर्यदेव नगर होते हुए सत्यदेव नगर पहुंची। जहां इस शोभायात्रा का आरती के पश्चात समापन हुआ। दशहरा मैदान से सत्यदेव नगर तक निकली इस भव्य शोभायात्रा के मार्ग को समाज बंधुओं द्वारा पूरा भगवामय किया गया था। भगवान शिव गोरक्षनाथ की शोभायात्रा में महंत राजनाथ योगी, विधायक मधु वर्मा, जीतू जिराती, मालिनी गौड़, बबलू शर्मा, प्रवीणनाथ योगी, शेखर कदम, अशोक परमार, राहुल परमार, पियूष कदम, मनीष परमार, राहुल चावड़ा, धर्मेंद्र परमार, पंकज कदम, रवि योगी, विजय योगी, सहित हजारों समाज बंधु शामिल हुए थे।
:: सत्यदेव नगर में सजा फूल बंगला ::
नाथ जोगी समाज से जुड़े विजय परमार ने बताया कि भगवान शिव गोरक्षनाथ की शोभायात्रा के साथ-साथ नाथ जोगी समाज द्वारा आज मकर सक्रांति उत्सव भी मनाया गया। यात्रा के मार्ग में सभी समाज बंधुओं द्वारा एक दूसरे को तील-गुड़ खिलाकर मकर संक्रांति पर्व की एक दूसरे को बधाई दी तो वहीं सत्यदेव नगर स्थित भगवान शिव गोरक्षनाथ मंदिर को भी विभिन्न किस्मों के फूलों से सजाकर भक्तों द्वारा छप्पन भोग लगाया गया। शोभायात्रा एवं आरती के पश्चात सभी समाज बंधुओं के लिए केट रोड़ स्थित एमराल्ड गार्डन में सभी समाज बंधुओं एवं श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। जिसमें नाथ जोगी समाज के लगभग 2000 से अधिक समाज बंधुओं ने शामिल होकर भोजन प्रसादी ग्रहण की।