राष्ट्रभक्ति व रामभक्ति की कविताओं ने श्रोताओं में जोश भर दिया

साहित्य गौरव सम्मान से अलंकृत हुई शहर की विभूतियां –
:: राऊ में सजी ठहाकों की महफिल, फिल्म व टीवी कलाकार ब्रजेंद्र काला हुए दर्शकों से रूबरू ::
:: रंगारंग आतिशबाजी के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम, कवि सम्मेलन में मध्यरात्री तक जमे रहे श्रोतागण ::

इन्दौर । स्टेशन रोड़ स्थित राऊ में शुक्रवार को साहित्य गौरव सम्मान व अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें जाने-माने फिल्म अभिनेता ब्रजेंद्र काला भी पहुंचे एवं दर्शकों से रूबरू हुए। राऊ में सजी इस ठहाकों की महफिल में हजारों की संख्या में कवि सम्मेलन प्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम में शहर की विभूतियों को साहित्य गौरव सम्मान से भी अलंकृत किया गया।
अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजक शिव डिंगू ने बताया कि राऊ क्षेत्र में 14 वर्षों से साहित्य गौरव सम्मान व अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों का भी सम्मान किया गया। जिसमें आंगनवाड़ी की आशा कार्यकर्ता, अरूण भदौरिया व पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित भेरूसिंह चौहान को साहित्य गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मान समारोह के पश्चात कवि सम्मेलन की शुरूआत रंगारंग आतिशबाजी के साथ हुई। जिसमें जाने माने कवियों ने अपनी कविता व रचनाओं की प्रस्तुति से श्रोताओं को खूब ठहाके भी लगवाए। राष्ट्रभक्ति और राम भक्ति की कविताओं ने श्रोताओं में जोश भर दिया। हास्य व वीर रस की रचनाओं ने मध्यरात्रि तक दर्शकों को बांधे रखा।
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना अलीगढ़, हास्य के अद्भुत कवि पं. अशोक नागर, प्रसिद्ध कवियित्री डॉ. प्रेरणा ठाकरे नीमच, आगरा के हास्य कवि लटूरी लट्ठ, वीर रस के इटावा के कवि राम भदावर, फिरोजाबाद के देशभक्ति के कवि विष्णु उपाध्याय अपनी रचनाओं से आम से लेकर खास को ठहाके लगवाए। कवि सम्मेलन के सूत्रधार राऊ के राष्ट्रीय हास्य कवि अतुल ज्वाला थे। कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय, सावित्री ठाकुर, तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, कविता पाटीदार, जीतू जिराती, पुष्यमित्र भार्गव, श्रवणसिंह चावडा, सुमित मिश्रा, मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, डॉक्टर राजेश सोनकर, महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, गोलू शुक्ला, मनोज पटेल, आकाश विजयवर्गीय, मनोज सिंह ठाकुर, पप्पी विजय पाटीदार, भारती राजेश मंडले, किरण सूर्यवंशी सहित हजारों की संख्या में कवि सम्मेलन प्रेमी उपस्थित थे।