सेंसेक्स 2227 अंक गिरा, निफ्टी 22,162 पर पहुंचा
मुम्बई । भारतीय शेयर बाजार सोमवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रंप के लगाये टैरिफ के बाद ट्रेड वॉर बढ़ने की आशंकाओं से आई है। इससे दुनिया भर के बाजार टूटे हैं जिसका दबाव भारतीय बाजार पर भी देखा गया। इसी कारण भारतीय भारतीय बाजार में भी 4 जून, 2024 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट देखी गयी। दिन भर के कारोबार के बाद तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अंत में सेंसेक्स 2226.79 अंक या 2.95 फीसदी की बड़ी गिरावट लेकर 73,137.90 पर बंद हुआ। इसी तरह नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी इंडेक्स अंत में 742.85 अंक तकरीबन 3.24फीसदी नीचे कर 22,161.60 पर बंद हुआ।
बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों को 13 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का बाजार पूंजीकर गिरकर 3,90,70,081.92 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं इससे पहले शुक्रवार को ये 404,09,600 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों की संपत्ति आज 13,39,519 करोड़ रुपये कम हुई है।
बाजार जानकारों के अनुसार ट्रंप ने जिस प्रकार टैरिफ लगाये हैं उसके जवाब में अन्य देशों ने भी अपने टैरिफ बढ़ा दिये हैं उसका भी प्रभाव बाजार पर आया है। इससे अमेरिका में महंगाई में वृद्धि होने के साथ ही मांग कमजोर होगी और मंदी का खतरा बढ़ेगा। वैश्विक ट्रेड वॉर की आशंका से विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार बिकवाली कर रहे हैं जिससे भी बाजार पर दबाव है।
वहीं इससे पहले 4 जून, 2024 को बाजार में लोकसभा चुनावों के परिणामों के बाद बाद भारी गिरावट आई थी और सेंसेक्स 4,389.73 अंक या 5.74 फीसदी की गिरावट के साथ 72,079.05 पर और निफ्टी 1,379.40 अंक या 5.93 फीसदी की गिरावट के साथ 21,884.50 पर बंद हुआ था।
इससे पहले आज सुबह विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार में चौतरफा गिरावट रही है। सेंसेक्स 4000 अंक के करीब गिरकर 71,449.94 पर खुला। । इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 21,758.40 पर खुला। वहीं दुनिया भर के बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी बड़ी गिरावट रही। कोस्पी इंडेक्स शुरुआती कारोबार में 4.3 फीसदी गिरा, जबकि कोस्डाक 3.4 फीसदी टूटा। ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स 200 इंडेक्स 6 फीसदी फिसला और यह अब फरवरी के उच्च स्तर से 11 फीसदी गिर चुका है, यानी यह करेक्शन जोन में पहुंच गया है। वहीं अमेरिका में भी निवेशकों का भरोसा डगमगाता नजर आया। डाउ जोंस फ्यूचर्स 979 अंक गिर गया। अमेरिकी शेयर बाजारों में शुक्रवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली।
गिरजा/ईएमएस 07 अप्रैल 2025