134 वीं जयंती पर कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता बाबा साहेब का किया पुण्य स्मरण
भोपाल । संविधान निर्माता, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और सर्वहारा वर्ग के मसीहा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134 वीं जयंती पर आज देश भर में कांग्रेसजनों और उनके अनुयायियों ने धूमधाम से उनकी जयंती मनायी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महूं में बाबा साहेब की जन्मस्थली पर, वहीं कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सहित सभी जिला मुख्यालयों पर बाबा साहेब की जयंती पर उनकी प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया एवं उनके संघर्षमयी जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद देष के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंड़ित जवाहर लाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद सहित तमाम नेताओं के सहयोग से सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान का निर्माण कर उसे 1950 में लागू किया गया। संविधान की मूलधारा से जोड़कर अजा, अजजा, पिछड़ा और यहां तक कि सामान्य वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुये प्रत्येक नागरिक को आजादी से रहने के मौलिक अधिकार दिये गये। बाबा साहेब ने गरीब-अमीर, जाति धर्म से परे सभी वर्गों को देश के संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों में समाहित किया और मूलधारा से पीछे रहे वंचित लोगों को मूलधारा से जोड़ने का काम बाबा साहेब ने किया। विगत लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा देने वाली भाजपा संविधान को बदलना चाहती थी, इसलिए जनता ने उन्हें सबक सिखया और 240 पर समेट दिया, ताकि देश के संविधान पर कोई आंच न आये। वहीं कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में संकल्पित हैं कि वह संविधान की एक भी लाईन को बदलने नहीं देगी और भाजपा के संविधान को बदलने के मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी।
चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने कहा कि आज देश बाबा साहेब की 134 वीं जयंती मना रहा है और इस अवसर पर सभी को संविधान की रक्षा के लिए संकल्पित होने का दिन है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि बाबा साहेब ने सभी वर्ग के लिए संविधान बनाया, जिसे भाजपा समाप्त करना चाहती है। दलित विरोधी सोच का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती रही है और करती रहेगी। मप्र किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा से संघर्ष करती आ रही है। भाजपा पिछड़ा वर्ग को आरक्षण का विरोध कर देश की जनता को गुमराह कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारीगण शैलेन्द्र पटेल, चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, राजकुमार सिंह, प्रवीण सक्सेना, प्रदीप अहिरवार, आनंद तारण, विजय सिरवैया, राहुल राठौर, राहुल राज, गुड्डू चौहान, शीतल मालवीय, ए.बी. खान, अभिषेक शर्मा, गोपाल खरे, रामशरण सिंह राणा, मुजफ्फर अली, महक राणा, मुजाहिद सिद्धीकी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।