नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मौसम का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक बच्ची और फतेहपुर में एक किसान की जान चली गई। वहीं, बिहार के पटना और हाजीपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
इसी के साथ ही भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज भी 21 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। दूसरी ओर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भीषण गर्मी (हीटवेव) का अलर्ट दिया गया है।
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तपिश
राजस्थान के बाड़मेर में रविवार को तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो देश में सर्वाधिक दर्ज किया गया। दिल्ली में भी भले ही तापमान में थोड़ी गिरावट आई, लेकिन पारा 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंजाब में मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 अप्रैल मंगलवार को केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर जारी रहेगा।
इसी प्रकार 30 अप्रैल बुधवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी। ओडिशा और केरल में भारी बारिश की आशंका है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी और बिजली गिरने के आसार हैं।
वहीं अगले माह के प्रथम दिवस 1 मई को पंजाब, राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी का खतरा बना रहेगा। साथ ही कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसी के साथ मौसम विभाग ने जनता के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी सलाहों का पालन करने की अपील की है। विशेषकर किसान और ग्रामीण इलाकों के लोग सावधानी बरतें, ताकि बिजली गिरने जैसी घटनाओं से बचा जा सके।