अब तक पाकिस्तान से हुए युद्ध में यह सबसे छोटा, सिर्फ चार दिन ही चला

-इससे पहले भी हुए युद्ध और संघर्ष में हार के बाद समझौता करता रहा है पाक
नई दिल्ली । भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया है। दोनों पड़ोसी देशों के बीच 1947 से अब तक कई युद्ध और संघर्ष हुए हैं लेकिन मई 2025 का यह ताजा संघर्ष महज 4 दिन यानि 96 घंटे ही चल सका ये सबसे छोटा युद्ध रहा। इसे इतनी जल्दी दोनों देश संघर्ष रोकने पर सहमत हो गए। दोनों ही देश अपने-अपने दावे कर रहे हैं। बता दें भारत और पाकिस्तान के बीच चार युद्ध हुए वह कितने-कितने तक चले। भारत और पाकिस्तान के बीच 1947 से अब तक चार युद्ध और संघर्ष हुए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक तो हमेशा ही कुछ ही घंटों की होती है लेकिन युद्ध और संघर्ष लंबे चले हैं और इनके परिणाम भी निकले। इसके बाद समझौता हुआ।
बता दें हिंदुस्तान के बंटवारे के बाद 1947-48 में भारत और पाकिस्तान के बीच पहला कश्मीर युद्ध हुआ। ये अक्टूबर 1947 में शुरू हुआ और जनवरी 1949 तक रुक-रुक कर चलता रहा। हालांकि इसमें पाकिस्तानी सेना सीधे शामिल नहीं हुई बल्कि इस युद्ध में उसके समर्थित थे। इसे कबायली हमलावर कहा गया। इनके हमलों के बाद कश्मीर के महाराजा हरिसिंह को भारत में विलय के लिए मजबूर होना पड़ा। ये युद्ध 15 महीनों तक चला था। इसका नतीजा ये निकला कि कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। इसे पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) कहते हैं। सयुक्त राष्ट्र संघ की मध्यस्थता से इसमें युद्धविराम हुआ था।
1965 का दूसरा भारत-पाकिस्तान युद्ध 5 अगस्त 1965 को शुरू हुआ था और 23 सितंबर 1965 तक चला। इसमें भारतीय फौजों को बढ़त मिली। ये युद्ध करीब 22 दिन तक चला। पाकिस्तान ने पहले कश्मीर में ऑपरेशन जिब्राल्टर के ज़रिए घुसपैठ की और फिर सीधी जंग की। इस युद्ध में भारत जीत की ओर बढ़ रहा था लेकिन संघर्ष विराम हो गया। जनवरी 1966 में तत्कालीन पीएम लालबहादुर शास्त्री समझौता करने ताशकंद गए, जिसके बाद दोनों देशों के बीच युद्ध के पहले की यथास्थिति बहाल हो गई।
1971 में दोनों देशों के बीच तीसरा युद्ध 3 दिसंबर 1971 को शुरू हुआ। ये 16 दिसंबर 1971 तक चला। इस युद्ध के बाद पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ और वह दो हिस्सों में टूट गया। पूर्वी पाकिस्तान नया बांग्लादेश बना गया। ये भारत द्वारा लड़ा गया अकेला ऐसा युद्ध रहा है, जिसमें पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा था। पाकिस्तान की ऐतिहासिक हार हुई। 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया। युद्ध के कुछ महीने बाद शिमला समझौता हुआ. जिसमें एलओसी पर समझौता हुआ। भारत ने दरियादली दिखाते हुए पाकिस्तान से छीनी गई जमीन उसको वापस कर दी।
इसके बाद कारगिल युद्ध हुआ जो करीब 2 महीने 20 दिन तक चला। तब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। युद्ध मई 1999 में शुरू हुआ और 26 जुलाई 1999 तक चला। इस युद्ध की वजह पाकिस्तानी सेना और आतंकियों की भारतीय क्षेत्र में कारगिल पहाड़ियों में घुसपैठ थी। भारत की जीत हुई। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे से अपने क्षेत्र को वापस छुड़ा लिया। इसके बाद पाकिस्तान में सैन्य तख्तापलट करके जनरल परवेज मुशर्रफ ने नवाज शरीफ की सरकार को अपदस्थ कर दिया।
वहीं मई 2025 में मौजूदा संघर्ष पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने अपने बेगुनाह लोगों की जानों का बदला लेने 7 मई 2025 को पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की। इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत पर हमले शुरू कर दिए। भारत की सीमा में मिसाइलें दागीं, ड्रोन छोड़े गए। एलओसी पर भारी गोलाबारी की गई। भारत ने भी इसका पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। ये संघर्ष चार दिन तक चला। 10 मई 2025 की शाम पांच बजे दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम हो गया। अमेरिका ने इसमें मध्यस्थ की।
भारत-पाक के बीच कुछ संघर्ष
1965 का रण ऑफ कच्छ संघर्ष: अप्रैल 1965 में गुजरात के कच्छ में सीमा पर झड़पें. ये करीब एक से दो हफ्ते तक चला।
2001-2002 ऑपरेशन पराक्रम: 13 दिसंबर 2001 संसद हमले के बाद भारत-पाक सीमा पर 10 महीने तक दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने रहीं। युद्ध तो नहीं हुआ लेकिन तनावपूर्ण सैन्य गतिरोध बना रहा।
उरी सर्जिकल स्ट्राइक: 18 सितंबर 2016 को उरी हमले के जवाब में 29-30 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने एलओसी पार कर सर्जिकल स्ट्राइक की। ये एक रात में कुछ घंटे का ऑपरेशन था।
बालाकोट एयर स्ट्राइक: 14 फरवरी 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक की। ये कुछ मिनटों का हवाई हमला था।