:: सुंदरकांड के पाठ और ठाकुरजी के नौका विहार के बीच भारत माता की जय और वंदे मातरम के उदघोष से गूंजा महालक्ष्मी मंदिर ::
इन्दौर । एकल श्री हरि वनवासी विकास ट्रस्ट के सेवा प्रकल्पों का शुभारंभ शनिवार रात्रि में उषानगर स्थित महालक्ष्मी मंदिर पर सुंदर कांड पाठ, देशभक्ति से प्रेरित गीतों एवं ‘एक शाम देश के जाबांज सैनिकों के नाम’ के साथ हुआ। इस मौके पर ठाकुरजी के नौका विहार की झांकी भी आकर्षण और श्रद्धा का केन्द्र बनी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के मार्गदर्शक, संरक्षक रामविलास राठी एवं महिला संगठन की अध्यक्ष कमल राठी की उपस्थिति में हुआ। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा ने इस मौके पर ट्रस्ट के सेवाकार्यों, अगले माह तीन दिवसीय राम कथा के आयोजन एवं सनातन धर्म के प्रचार के लिए किए जाने वाले प्रकल्पों का ब्यौरा दिया। वनवासी क्षेत्र में हो रहे धर्मांतरण को रोकने में भी ट्रस्ट सक्रिय रूप से समर्पित रहेगा। अतिथियों का स्वागत मनोज छापरवाल, मोहन सोमानी, अनिल काकानी, ओमप्रकाश मूंदड़ा, गोपालदास राठी, रूपेश भूतड़ा, श्याम भांगड़िया, एवं आशीष बाहेती ने किया। सुंदरकांड पाठ के बाद हुई महाआरती में जयकिशन डागा, ब्रज किशोर बांगड़, प्रदीप जाखेटिया, प्रकाश माहेश्वरी, गोविंद बियाणी, विजय हेड़ा, चेतन नागोरी, चंद्रशेखर नीमा, विष्णु गुप्ता, सुनील शर्मा एवं बलराज बजाज सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने भाग लिया। ठाकुरजी के नौका विहार की झांकी महिला मंडल की सचिव श्रीमती रेखा काकानी और उनकी टीम ने संजोई, जिसमें यमुना महारानी एवं ठाकुरजी के मनोहारी दृश्य शामिल थे। मातृशक्ति की ओर से श्रीमती ज्योति नागौरी, किरण छापरवाल, शारदा अजमेरा, भावना बाहेती एवं दीप्ति माहेश्वरी ने सभी मेहमानों की अगवानी की। कार्यक्रम में ‘एक शाम देश के जाबांज सैनिकों के नाम’ संध्या में राष्ट्रभक्ति से प्रेरित गीतों की प्रस्तुतियों के बीच राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के उदघोष के साथ सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अंत में अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा ने आभार माना और ट्रस्ट के सेवा प्रकल्पों में सहयोग का आव्हान किया।